महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर ट्रक और पिकअप वाहन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई

महाराष्ट्र के समृद्धि महामार्ग पर ट्रक और पिकअप वाहन हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हुई
Facebook WhatsApp

अमरावती। महाराष्ट्र के अमरावती जिले में धामणगांव रेलवे के पास समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार तड़के ट्रक और बोलेरो पिकअप वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई है।हादसे में 18 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसा समृद्धि महामार्ग के चैनल नंबर 97 के पास उस समय हुआ, जब वर्धा के सिंधी मेघे क्षेत्र के सार्वजनिक दुर्गा पूजा उत्सव समिति के कार्यकर्ता शेगांव से दुर्गामाता की प्रतिमा लेकर वर्धा लौट रहे थे। जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में करीब 20 से 25 लोग सवार थे। बताया गया है कि महाराष्ट्र नंबर की बोलेरो पिकअप वाहन में 14 फुट ऊंची दुर्गामाता की प्रतिमा रखी थी। पिकअपवाहन पीछे से आ रहे छत्तीसगढ. नंबर के 12 पहियाें वाले ट्रक की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ लोग सड़क किनारे जा गिरे।

पुलिस के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो और लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान घनश्याम पाटील, प्रवीण बकाने, गोलू बादलगवार, ओम गावंडे, दत्ताजी खुरसागे, रोशन राऊत और मुनेश्वर ढोले के रूप में हुई है। घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तत्काल धामणगांव ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को वर्धा के सावंगी स्थित आचार्य विनोबा भावे ग्रामीण अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक घायल को आगे के उपचार के लिए नागपुर भेजे जाने की जानकारी है।वाहन बेहद धीमी गति से चल रहा था’

हादसे में बाल-बाल बचे और अस्पताल में उपचार करा रहे शिवम राऊत ने बताया कि दुर्गामाता की प्रतिमा वाहन में होने के कारण पिकअप बेहद धीमी गति से चल रहा था। उनके अनुसार, वाहन करीब पांच किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ रहा था और महामार्ग के एक किनारे से जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। राऊत के अनुसार, मंडल के सदस्य 28 सितंबर को शेगांव पहुंचे थे और 30 सितंबर को प्रतिमा लेकर वर्धा के लिए वापसी यात्रा शुरू की थी। हादसे के बाद घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था।

आठ वर्ष पुराना है दुर्गा उत्सव मंडल

जानकारी के अनुसार, संबंधित दुर्गा उत्सव मंडल का यह आठवां वर्ष है। मंडल के सदस्य पिछले करीब पांच वर्षों से समृद्धि महामार्ग के रास्ते दुर्गामाता की प्रतिमा लेकर वर्धा लौटते रहे हैं। इस बार भी करीब 14 फुट ऊंची प्रतिमा के साथ कार्यकर्ता वर्धा लौट रहे थे।

हादसे की सूचना मिलते ही मंगरूल दस्तगीर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम तथा धामणगांव की नगराध्यक्ष अर्चना रोठे ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घायलों में दिनेश पांडुरंग नानवटे, सागर मुनेश्वर ढोले, प्रतीक रामदास सिरस्कार, दुर्गेश यशवंत भिसे, अनिल मारोती मसराम, प्रणय प्रभाकर ढोले, यश रवींद्र मलकापूरे, सतीश खाडे, सतीश वसंत राऊत, पवन मोरेश्वर ढोले, नंदकिशोर देविदास सिरस्कार, नरेंद्र प्रल्हाद सोयाम, नयन सुधीर खानझोड, शिवम विकास राऊत, दिनेश रामकृष्ण पोहणकर, अमित शंकरराव ठाकरे, अमित आडे और आर्यन वैद्य शामिल हैं। हादसे में एक ही क्षेत्र के कई युवाओं की मौत से सिंधी मेघे और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page