आंगनबाड़ी समाज के भविष्य की पहली पाठशाला, ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ : राधामोहन सिंह

आंगनबाड़ी समाज के भविष्य की पहली पाठशाला, ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ : राधामोहन सिंह
Facebook WhatsApp

मोतिहारी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बापूधाम चन्द्रहिया के वार्ड-11 स्थित आईसीडीएस  केंद्र संख्या-81 पर आयोजित हुआ ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बापूधाम चन्द्रहिया के वार्ड-11 स्थित आईसीडीएस  केंद्र संख्या-81 पर ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधा मोहन सिंह ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं आशा बहनों को सम्मानित करते हुए उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किया। साथ ही केंद्र से जुड़े 250 बच्चों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के सबसे महत्वपूर्ण आधार—मां, बच्चे और परिवार—के साथ सेवा, संवेदना और संवाद का एक सशक्त माध्यम है। मोतिहारी केवल एक भौगोलिक क्षेत्र का नाम नहीं है, बल्कि यह सत्याग्रह की ऐतिहासिक भूमि और सेवा, संघर्ष एवं सामाजिक चेतना की धरती है। इस धरती की विशेषता रही है कि यहाँ समाज की शक्ति केवल बड़े संस्थानों में नहीं, बल्कि गांव के घर-आंगन में, माताओं की ममता में, बहनों के परिश्रम में और समाज के सेवाभावी लोगों के समर्पण में दिखाई देती है। ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम इसी सेवा-परंपरा को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि जब हम ‘आंगनबाड़ी’ शब्द सुनते हैं तो हमारे सामने एक छोटा-सा केंद्र दिखाई देता है, लेकिन इसकी वास्तविक भूमिका इससे कहीं बड़ी है। आंगनबाड़ी हमारे समाज के भविष्य की पहली पाठशाला है।

यह बच्चों के पोषण का केंद्र है, माताओं के स्वास्थ्य और जागरूकता का केंद्र है, परिवार और सरकारी योजनाओं के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का स्थान है। आज देश में आंगनवाड़ी व्यवस्था को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल और प्रारंभिक बाल शिक्षा के साथ जोड़कर मजबूत किया जा रहा है। इसलिए हमें यह भावना विकसित करनी होगी—‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी।’ यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी का संकल्प है।

सांसद श्री सिंह ने आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं एवं आशा बहनों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ये बहनें समाज के बीच रहकर निरंतर सेवा का कार्य करती हैं। गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने, बच्चों के पोषण की चिंता करने, टीकाकरण के प्रति परिवारों को जागरूक करने, माताओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने तथा बच्चों को खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के लिए प्रेरित करने में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि इन बहनों की सेवा का बड़ा हिस्सा बिना किसी शोर के होता है, लेकिन समाज निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण कार्य अक्सर बिना शोर के ही होता है। एक माँ को सही समय पर मिली जानकारी, एक बच्चे को मिला उचित पोषण और एक परिवार को मिली सरकारी योजना की जानकारी—इन छोटी-छोटी बातों का परिणाम आने वाले वर्षों में एक स्वस्थ और सक्षम पीढ़ी के रूप में सामने आता है। उन्होंने कहा कि आज का यह सम्मान समाज की ओर से उन सभी सेविका, सहायिका और आशा बहनों के समर्पण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जो निरंतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को ध्यान में रखते हुए 250 बच्चों को पोषण किट प्रदान किए गए। इस अवसर पर बच्चों को खेल, चित्रकला, गीत एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जोड़ा गया तथा माताओं को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं उपलब्ध सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।

सांसद श्री सिंह ने कहा कि स्वस्थ मां, सुपोषित बच्चा और जागरूक परिवार ही सशक्त समाज की आधारशिला हैं। सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ पात्र परिवारों तक पहुँचे और समाज भी उसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों को केवल सरकारी व्यवस्था न मानकर समाज की साझा जिम्मेदारी के रूप में देखने तथा इनके माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास को और मजबूत करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सेवा, सम्मान और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। ‘आंगन मिलन सेवा’ इसी संकल्प की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसका उद्देश्य हर आंगन में पोषण, हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान और हर परिवार तक जागरूकता एवं सेवा का संदेश पहुंचाना है। इस अवसर पर उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, मुखिया मदन मोहन दास, पार्षद रामबाबू प्रसाद सीडीपीओ सोहैल अहमद सहित बड़ी संख्या में माता बहनें और बच्चे मौजूद  थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page