सेवा संकल्प अभियान के तहत पीपराकोठी में पोषण एवं एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम हुआ आयोजित
– सांसद राधामोहन सिंह ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन, 200 माताओं-बहनों को वितरित की गई पोषण किट
मोतिहारी।“सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत शनिवार को पिपराकोठी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पोषण एवं एनीमिया जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व कृषि मंत्री सह मोतिहारी सांसद राधामोहन सिंह ने किया। सांसद श्री सिंह ने कहा कि स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज के निर्माण के लिए महिलाओं एवं बच्चों का उचित पोषण अत्यंत आवश्यक है। एनीमिया और कुपोषण जैसी समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाकर तथा संतुलित एवं पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर इनके प्रभाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का स्वास्थ्य सीधे तौर पर परिवार और आने वाली पीढ़ी के स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है।

इसलिए गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं बच्चों के पोषण पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित माताओं-बहनों से पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा एनीमिया के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की। सांसद श्री सिंह ने कहा कि “सेवा मेरा योगदान” का उद्देश्य समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। सेवा केवल सहायता प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को स्वास्थ्य, पोषण और जनकल्याण से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करना भी समाज की महत्वपूर्ण सेवा है।
श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं, बच्चों और समाज के कमजोर वर्गों के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर निरंतर विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों के माध्यम से व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ मां ही स्वस्थ परिवार की आधारशिला होती है और स्वस्थ बच्चे ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। इसलिए पोषण को लेकर जागरूकता को जन-आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक हैकार्यक्रम के दौरान दो सौ माताओं एवं बहनों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया।
पोषण किट के माध्यम से महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपमहापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. दिलीप कुमार कश्यप, राजकिशोर सिंह, स्वास्थ्यकर्मीगण, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका सहित बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें उपस्थित रही।

