रक्सौल-सीतामढ़ी में छापेमारी कर पुलिस ने बरामद किया 2610 बोतल प्रतिबंधित ऑनरेक्स कफ सिरप,तीन गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रक्सौल डीएसपी मनीष आनंद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रक्सौल और सीतामढ़ी से 21 कार्टन में लगभग 2610 बोतल ऑनरेक्स नामक कफ सिरप बरामद किया है। इस अभियान में रक्सौल थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार, पुलिस पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, रवि कुमार, कृष्ण मुरारी सहित जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई। छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक आरोपी रक्सौल के कोईरिया टोला वार्ड नंबर 25 का निवासी है, जबकि दो अन्य सीतामढ़ी शहर से पकड़े गए हैं।

डीएसपी मनीष आनंद ने बताया कि ऑनरेक्स कफ सिरप का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जाता है और यह युवाओं के बीच नशे का नया जरिया बन चुका है। इस नशे की सूचना के बाद कोईरिया टोला रक्सौल स्थित सुरेंद्र सिंह के मकान 83 पीस ऑनरेक्स कफ सिरप बरामदगी के बाद उसके निशानदेही पर कुणाल कुमार पिता मोतीलाल प्रसाद घर सतवाही टोला बैरगनिया सीतामढ़ी के निशानदेही पर सौरभ कुमार पिता संतोष कुमार सातवाहिया टोला जवाहर नगर तथा छोटकू पासवान पिता रघुनाथ पासवान घर दुरबाना बैरगनिया जिला सीतामढ़ी से और भी ऑनरेक्स के साथ गिरफ्तार किया गया। कहा कि गिरफ्तार व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है ताकि इस नेटवर्क के पीछे सक्रिय गिरोह का पता लगाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सूखे नशे के खिलाफ इस छापेमारी अभियान को पुलिस प्रशासन की बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिससे सीमावर्ती इलाके में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है।

