आगामी लोकसभा चुनाव के बाद देश के प्रधानमंत्री होंगे राहुल गांधी: प्रो. अखिलेश
-कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचाएं राहुल गांधी का संदेश
सुगौली। चलो पंचायत, चलो वार्ड कार्यक्रम की सफलता को लेकर रविवार को प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस के असहाबुल होदा अंसारी ने की। इस अवसर पर संगठन को पार्टी को पंचायत और वार्ड स्तर तक मजबूत करने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अखिलेश दयाल ने कहा कि देश की सियासत में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा व्यवस्था, महंगाई और कथित अराजकता जैसे मुद्दों से परेशान होकर युवाओं में बदलाव की इच्छा पैदा तेज हो गई है। उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि इससे देश में युवाओं की आवाज सामने आई है।
कांग्रेस लगातार आम लोगों, छात्र, किसानों और युवाओं की समस्याओं को लेकर सड़क पर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंचायत और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने की अपील की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
फलस्वरूप लक्ष्य के साथ कार्यकर्ताओं को अभी से जनता का विश्वास जीतने के लिए जुट जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विपक्ष में ही बेहतर दिखाई देती है, सरकार चलाने में वह सक्षम नहीं है।
जबकि असहाबुल होदा अंसारी के नेतृत्व में संगठन सृजन अभियान के तहत 472 सदस्य बनाये जाने पर बधाई दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में मोतिहारी में आयोजित छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर भी चर्चा की गई।
इस दौरान वरीय दिवंगत कांग्रेस नेता विक्रमा प्रसाद के तैलीय चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर प्रखंड कांग्रेस उपाध्यक्ष ठाकुर रामबालक सिंह, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष रघुनाथ गुप्ता, कांग्रेस सेवादल के राजेश पांडेय, अधिवक्ता मुकेश प्रताप सिंह, मदन सिंह, रामफल राम, गोपालजी झा, किसान एकता मंच के सचिव संजय यादव सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

