गुप्त तहखाने का खुला राज: दो बोलेरो से 190.635 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार

गुप्त तहखाने का खुला राज: दो बोलेरो से 190.635 किलो गांजा बरामद, दो गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

-मैत्री ब्रिज पर एसएसबी आसूचना शाखा और हरैया पुलिस की कार्रवाई; 29 बंडल में छिपाई गई थी गांजा की खेप

रक्सौल। सीमा पार नेपाल से गांजा की बड़ी खेप भारत लाने की कोशिश को एसएसबी आसूचना शाखा और हरैया पुलिस ने नाकाम कर दिया।

कस्टम चौक स्थित मैत्री ब्रिज पर हुई वाहन जांच में नेपाल से आ रही दो बोलेरो के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने से 190.635 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। गांजा को कुल 29 बंडलों में छिपाकर रखा गया था।

कार्रवाई में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दोनों बोलेरो को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। मामले में हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि एसएसबी आसूचना शाखा को सूचना मिली थी कि नेपाल से भारी मात्रा में गांजा की खेप भारत लाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही टीम सक्रिय हुई और मैत्री ब्रिज पर वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। इसी दौरान नेपाल की ओर से लगातार आ रहे वाहनों के बीच दो बोलेरो पर टीम की नजर पड़ी और दोनों को रोककर तलाशी ली गई।

जांच के दौरान बीआर 25 पी 6481 और बीआर 05 पी 2628 को रोककर जब बारीकी से तलाशी ली गई तो सीट के अंदर बने तहखाने का पता चला। तहखाना खुलते ही उसमें बंडल के रूप में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर उसमें सवार युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी में बीआर 25 पी 6481 के तहखाने से 98.835 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं बीआर 05 पी 2628 के तहखाने से 91.635 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। दोनों वाहनों से बरामद गांजा की कुल मात्रा 190.635 किलोग्राम बताई गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल के बारा जिला अंतर्गत देवापुर टेटा, सिमरौनगढ़ निवासी धुरन साह कानू के पुत्र मिसिर साह कानू तथा नेपाल के परसा जिला अंतर्गत रामनगरी पोखरिया गांव निवासी भगन राउत के पुत्र विसुनदेव पटेल के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ कर पुलिस खेप से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page