नारकोटिक सेल की सूचना पर मादक पदार्थ हेरोइन के साथ स्कार्पियो सवार 4 तस्कर गिरफ्तार
सुगौली। एसटीएफ को मिली सूचना के आधार पर सुगौली पुलिस ने रक्सौल-छपवा मुख्य मार्ग पर कार्रवाई करते हुए 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।
पुलिस ने मौके पर उजले रंग की स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उक्त बरामदगी के बाद प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। इस बाबत दिलीप कुमार डीएसपी सदर 1 ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि सरकारी मोबाइल पर एसटीएफ के नारकोटिक्स सेल से सूचना मिली थी कि चार व्यक्ति उजले रंग की स्कॉर्पियो से मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर बेतिया से निकले हैं। सूचना थी कि वाहन छपवा के रास्ते सुगौली की ओर जायेगी।

नतीजतन वरीय अधिकारियों को सूचना देते हुए पुलिस टीम रक्सौल-छपवा रोड स्थित विक्रम इंजीनियरिंग के सामने घेराबंदी की। पुलिस ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 300 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने दो एंड्रॉयड और दो कीपैड मोबाइल समेत कुल चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में पलनवा थाना क्षेत्र के पिपरिया निवासी रामप्रवेश यादव तथा सुमन यादव, रामगढ़वा थाना क्षेत्र के पंचभिडिया गांव निवासी छबीला यादव, पश्चिम चंपारण जिले के कंगली थाना क्षेत्र के सुगहा भवानीपुर निवासी सिपाही महतो शामिल है।
छापेमारी दल में डीएसपी सदर-1, पुलिस अंचल निरीक्षक मुन्ना कुमार, थानाध्यक्ष अनीष कुमार सिंह सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले में बरामद पदार्थ की जांच सहित अन्य बिंदुओं पर आगे की कार्रवाई करने में जुटी है।

