तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव के पहले दिन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 300 करोड़ की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन एवं शिलान्यास
-प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर सहित कई नामचीन कलाकारों की प्रस्तुति का आनंद उठा सकेंगे लोगः डीएम
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तीन लेयर में पुलिसकर्मियों की रहेगी तैनाती: एसपी
मोतिहारी। तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव का आगाज 1 सितंबर को होगा। ऐतिहासिक गांधी मैदान में तकरीबन 12.30 बजे सूबे के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आयोजित भव्य कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वे जिले को बड़ी सौगात देंगे।
करीब तीन सौ करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन शिलान्यास मुख्यमंत्री गांधी मैदान में स्थापित शिलापट्ट का रिमोट के माध्यम से करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे। संभव है इस अवसर पर वे जिले को कोई नई सौगात देंगे तत्पश्चात उनका कार्यक्रम राजा बाजार स्थित गांधी प्रेक्षागृह में निर्धारित है। प्रेक्षागृह में केबीके पीपराकोठी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद करीब 4.30 बजे पुनः पटना लौट जायेंगे।
ये बातें जिलाधिकारी सौरव सुमन यादव ने गांधी मैदान में कार्यक्रम को लेकर निर्मित भव्य पंडाल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन के दौरान कही। उन्होंने ने कहा की तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति का आनंद जिला वासी उठा सकेगे।
डीएम ने जिलावासियों से तीन दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रथम दिन प्रसिद्ध लोक गायिका एवं विधायक मैथिली ठाकुर, बिहार की ही करीना पांडेय अपनी प्रस्तुति देंगी। दूसरे दिन सलमान अली सहित अन्य कलाकारों के अलावा तीसरे दिन भी भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन सुनिश्चित है।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। प्रशासन कार्यक्रम को भव्यता देने के लिए पूरी तरह से तत्पर है। सुरक्षा चाक चौबंद व्यवस्था को लेकर मजिस्ट्रेटों के नेतृत्व में पुलिस बलो की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है।
वहीं इस अवसर पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर तीन लेयर में सुरक्षा की व्यवस्था की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान मुस्तैदी के साथ तैनात रहेंगे। जबकि सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों सहित महिला पुलिस बल को लगाये जायेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ट्रैफिक नियमों का पालन के लिए रूट चार्ट जारी कर दिया गया है। कुल 24 ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे। जबकि यातायात में परिवर्तन किया जायेगा। निर्धारित मानकों का पालन सबके लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा में कहीं से चुक नहीं हो, फलस्वरुप डीएसपी रैंक सहित इंस्पेक्टर की प्रतिनियुक्ति बढ़ा दी गई है।
मौके पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा,उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अरुण कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार सहित जिला के सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

