14 वर्षीय किशोरी की मौत से हड़कंप, सवालों के घेरे में मौत की घटना संदिग्ध
बनकटवा। जितना थाना क्षेत्र के बनकटवा में 14 वर्षीय अमरीना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान मिराज आलम की पुत्री अमरीना के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि तबीयत बिगड़ने के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
अमरीना की मौत को लेकर स्थिति फिलहाल पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, उसने कोई आत्मघाती कदम उठाया था या फिर उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई,
इन सवालों का जवाब अभी सामने नहीं आया है। नाबालिग की संदिग्ध मौत ने कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनो को सौंप दिया।अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
जितना थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या की। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की पड़ताल कर रही है।
नाबालिग की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस के सामने कई अहम सवाल हैं, आखिर अमरीना की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी? उसे अस्पताल कब और किस हालत में लाया गया? मौत से पहले उसके साथ क्या हुआ था? क्या घटना के पीछे कोई विवाद या दबाव था? क्या किसी व्यक्ति की भूमिका संदिग्ध है? इन तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही हैं।

