महागठबंधन ने तेजस्वी प्रण के नाम से जारी किया संकल्प पत्र

महागठबंधन ने तेजस्वी प्रण के नाम से जारी किया संकल्प पत्र
Facebook WhatsApp

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का संकल्प पत्र जारी हो गया है। मंगलवार काे महागठबंधन के सभी घटक दलों ने संयुक्त रूप से संकल्प पत्र जारी किया है,जिसका नाम ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ दिया गया है।

पटना के होटल मौर्या में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में महागठबंधन के सभी घटक दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेताओं ने मिलकर साझा संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने बिहार के भविष्य का रोड मैप प्रस्तुत किया। इस संकल्प पत्र में महागठबंधन ने बिहार के विकास और बेहतर भविष्य के लिए 25 घोषणाएं की है,जिसमें हर वर्ग को ध्यान में रखा गया है। इनमें सबसे बड़ी घोषणा हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देना शामिल है, जिसे तेजस्वी ने 20 महीने में पूरा करने का वादा किया है।

तेजस्वी यादव ने कहा कि इसका पूरा रोड मैप तैयार हो गया है। जल्द ही इसे जारी किया जाएगा। इसके साथ जीविका दीदी को नियमित कर उन्हें 30 हजार वेतन दिये जाने के साथ ही माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की जाल में फंसे लोगों को मुक्त कराने की कारवाई की जाएगी। तेजस्वी ने कहा कि बिहार को नंबर वन राज्य बनाने का काम हम करेंगे। हम लोग टूटे फूटे वादे नहीं करते, जो कहते हैं, वो करते हैं। कुछ दिनों में हम बताने जा रहे हैं कि कैसे हर घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी कैसे देंगे?

महागठबंधन ने अपने घोषणापत्र का नाम ‘तेजस्वी प्रण पत्र’ रखा है, जिसमें तेजस्वी यादव की ‘माई-बहिन योजना’, हर घर सरकारी नौकरी, 200 यूनिट मुफ्त बिजली के वादों के अलावे कुछ नई घोषणाएं भी शामिल हैं।

तेजस्वी ने कहा कि हमलोग सरकार नहीं, बिहार को बनाने जा रहे हैं। बिहार कैसे बनेगा? रोड मैप क्या होगा? ब्लू प्रिंट क्या होगा? हमने हमेशा प्रदेश की जनता के सामने रखा है। हमलोगों का प्रण है कि बिहार को नंबर वन कैसे बनाएं। उन्होंने कहा आज संकल्प पत्र की एक-एक घोषणा दिल से लिया गया प्रण है, जो हम अपने प्राण देकर पूरा करेंगे।

तेजस्वी ने कहा कि कुछ बाहर शक्तियां बिहार को उपनिवेश बनाना चाहती हैं, जो हम कामयाब नहीं होने देंगे। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज भाजपा और प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें पुतला बना दिया है। अमित शाह पहले भी कह चुके हैं कि नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री नहीं होंगे।

पार्टी के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए तेजस्वी ने कहा कि इस बार महागठबंधन के वोट वाले बूथों पर धीमा मतदान कराने के लिए किसी प्रकार की छल कपट नहीं चलने दिया जाएगा। हमलोग इसे रोकने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस बार बिहार की जनता बदलाव चाहती है।

विकासशील इन्सान पार्टी (वीआईपी) के मुकेश सहनी ने कहा कि एक नया बिहार बनाने के लिए हमने आज संकल्प पत्र बनाया है। आज हमने जो भी संकल्प लिया है, निश्चित रूप से इसे पूरा करेंगे। इस दौरान में उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पर हमला किया और कहा कि उनका कोई संकल्प ही नहीं है, क्योंकि उन्हें लगता है कि बिहार में कोई समस्या ही नहीं है। यहां सभी लोग खुश हैं।

भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी-माले के दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि बिहार की जो आकांक्षा है, लंबे समय से जो यहां के युवाओं और किसानों की मांगे हैं, इस संकल्प पत्र में शामिल किया गया है। इसमें हर तबके के लोगों की मांगों को शामिल किया गया है। पुरानी पेंशन स्कीम के साथ युवाओं को रोजगार के लिए कैसे सुरक्षित माहौल दिया जाएगा। इसका संकल्प पत्र में जिक्र किया गया है। अब बिहार में बदलाव होगा।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page