पीएमएफएमई योजना में सर्वाधिक स्वीकृतियों के लिए बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान
पटना। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत सर्वाधिक संख्या में स्वीकृतियां प्राप्त करने पर बिहार को नई दिल्ली में आयोजित पीएमएफएमई कॉन्क्लेव में ‘बेस्ट स्टेट’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।यह सम्मान राज्य में सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को औपचारिक रूप देने, उद्यमिता को बढ़ावा देने और छोटे उद्यमियों को संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की मान्यता है।
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने यह सम्मान एमएसएमई एवं खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग विभाग के निदेशक अमन समीर को प्रदान किया।
इस अवसर पर चिराग पासवान ने कहा कि पीएमएफएमई योजना का उद्देश्य देशभर के छोटे खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों को औपचारिक अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए उन्हें वित्तीय और तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराना है। बिहार द्वारा सर्वाधिक स्वीकृतियां प्राप्त कर ‘बेस्ट स्टेट’ का सम्मान हासिल करना राज्य में उद्यमिता और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की बढ़ती संभावनाओं को दर्शाता है। यह उपलब्धि बिहार के उद्यमियों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।
उद्योग विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह ने बिहार की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पीएमएफएमई योजना के तहत मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान राज्य के सूक्ष्म उद्यमियों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में काम कर रहे उद्यमियों की क्षमता और मेहनत का प्रमाण है। बिहार सरकार का प्रयास है कि छोटे उद्यमियों को वित्तीय सहायता, तकनीकी मार्गदर्शन और बाजार से जुड़ने के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। यह सम्मान बिहार में स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमिता को और गति देने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने कहा कि पीएमएफएमई योजना का उद्देश्य सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के औपचारिकीकरण और उन्नयन को बढ़ावा देना है। इसके तहत उद्यमियों को तकनीकी उन्नयन, आधारभूत संरचना, ब्रांडिंग, क्षमता निर्माण सहित अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार को मिला ‘बेस्ट स्टेट’ सम्मान राज्य में सूक्ष्म उद्यमिता, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह उपलब्धि राज्य के छोटे और सूक्ष्म उद्यमियों को आगे बढ़ने तथा नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

