लूट की वारदात को बताया भ्रामक,एसपी ने संग्रामपुर एसएचओ से किया जवाब-तलब
मोतिहारी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह से सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही आभूषण दुकानदार से लूटकांड से संबंधित खबर को थाना प्रभारी अनुपम कुमार द्वारा भ्रामक बताया गया। जबकि यह मामला सत्य था, लिहाजा इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने संग्रामपुर थानाध्यक्ष से जबाब तलब किया है।
थाना प्रभारी के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच में ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं हुई। यह भी कहा गया कि जिस व्यक्ति के साथ कथित रूप से लूटकांड होने की बात सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही है, पीड़ित व्यक्ति द्वारा अबतक थाने में किसी प्रकार का लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। इसलिए सोशल मीडिया पर चल रही उक्त खबर को पूरी तरह भ्रामक बताया गया है।
जबकि पुलिस कप्तान ने कहा है कि विक्की कुमार नामक आभूषण दुकानदार ने 6 से 7 लाख के गहने की लूट को लेकर आवेदन प्राप्त हुआ है। जाहिर है इस तरह से सच्ची और संगीन वारदात को भ्रामक बताना उचित नहीं है और संभव है कि इसका खामियाजा एसएचओ को भुगतना पड़ जाये। अब देखना दिलचस्प होगा कि आखिर थानेदार पर एसपी श्री प्रभात की गाज कब गिरेगी।

