देशव्यापी जेल भरो आह्वान में सैकड़ों लेफ्ट नेताओं ने दी गिरफ्तारी
मोतिहारी। जनसंगठनों के देशव्यापी जेल भरो आह्वान के तहत सोमवार को मोतिहारी में सैकड़ों की संख्या में किसान, मजदूर, नौजवान, छात्र एवं जनसंगठनों के कार्यकर्ता गांधी स्मारक प्रांगण से जुलूस निकाल कर शांतिपूर्ण ढंग से समाहरणालय पहुंचे।
जहां प्रतिनिधिमंडल ने प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इनमें मुख्य रूप से सीपीआई(एम) जिला सचिव कॉमरेड सत्येंद्र कुमार मिश्रा, किसान सभा जिला अध्यक्ष कॉमरेड धनंजय पुरी, डीवाईएफआई राज्य कमिटी सदस्य इम्तियाज अहमद, पार्टी सचिवमंडल सदस्य कॉमरेड मुकेश कुमार यादव तथा एसएफआई संयोजक सत्येंद्र कुमार शामिल थे।
ज्ञापन सौंपने के बाद नगर थानाध्यक्ष ने सैकड़ों आंदोलनकारियों को गिरफ्तार कर नगर थाना ले आए। गिरफ्तार किए गए प्रमुख लोगो में मुहम्मद एजाजुल हक, शमसुल हक अंसारी, विपिन बिहारी दुबे, सुरेश सिंह, दिलीप कुमार, जमालुद्दीन, अभिषेक रंजन, अमन कुमार यादव, संजय गुप्ता, हरेन्द्र सिंह एवं धीरेंद्र पांडेय सुधांशु कुमार शेखर सहित सैकड़ों वामपंथी नेता शामिल थे।
इस अवसर पर आंदोलनकारी नेताओं ने कहा कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी और दमन से जनआंदोलन को रोका नहीं जा सकता। जनसंगठन जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को और व्यापक एवं मजबूत करेंगे तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।

