कॉलेज के नाम पर अनधिकृत सोशल मीडिया समूह चलाने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई
सिकरहना। जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल कॉलेज, घोड़ासहन के नाम पर अनधिकृत रूप से संचालित सोशल मीडिया समूहों को लेकर कॉलेज प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। प्राचार्य डॉ. रवि कुमार ने छात्रों को ऐसे समूहों से दूर रहने की सलाह देते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
उन्होंने बताया कि जानकारी मिली है कि कुछ लोग कॉलेज के नाम पर बिना अनुमति सोशल मीडिया समूह संचालित कर रहे हैं और इनके माध्यम से सूचनाओं का प्रसार किया जा रहा है। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि ऐसे अनधिकृत समूहों का कॉलेज प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित शिक्षक द्वारा कक्षा स्तर पर बनाया गया विषयवार व्हाट्सएप समूह ही मान्य होगा। अन्य किसी समूह को कॉलेज का अधिकृत समूह नहीं माना जाएगा।
प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज के नाम, पहचान अथवा प्रतिष्ठा का अनधिकृत उपयोग करने वाले समूह संचालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों से केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।

