हिमाचल प्रदेश के चंबा में निजी बस पलटी, सात की मौत और 11 घायल

हिमाचल प्रदेश के चंबा में निजी बस पलटी, सात की मौत और 11 घायल
Facebook WhatsApp

शिमला। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक निजी बस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हो गए। हादसा चुराह विधानसभा क्षेत्र के तहत तीसा थाना क्षेत्र में बैरागढ़ के पास चालूंज मोड़ पर हुआ।घायलों में छह लोगों को आगे के इलाज के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा रेफर किया गया है। हादसे में मारे गए लोगों की पहचान की जा रही है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसा शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे हुआ। शर्मा कोच की निजी बस बैरागढ़ से चंबा की ओर आ रही थी। इसी दौरान चालूंज मोड़ के पास बस हादसे का शिकार हो गई। बस सड़क से पलटकर दूसरी सड़क पर जा पहुंची थी।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल को घटनास्थल के लिए भेजा गया। पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें छह घायलों को उनकी स्थिति को देखते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा रेफर किया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों की पहचान की जा रही है।राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और राजस्व विभाग के कर्मचारियों को घटनास्थल पर खोज और बचाव अभियान के लिए भेजा गया है। फिलहाल, टीम मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव का काम कर रही है। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

चंबा में यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब हिमाचल प्रदेश में मानसून की सक्रियता से जमकर बरसात हो रही है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है और मौसम विभाग ने 13 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन की ओर से खराब मौसम के बीच लोगों को अनावश्यक यात्रा नहीं करने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।

पिछले करीब 15 दिनों में यह प्रदेश में दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले 24 जुलाई को जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर थाना क्षेत्र में कढ़ूनाला-राहौली के पास बड़ा हादसा हुआ था। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की मुख्य सड़क पर पहाड़ी से अचानक भारी चट्टान गिरने के बाद उसकी चपेट में एक टाटा सूमो आ गई थी। हादसे में वाहन में सवार 13 लोगों की मौत हो गई थी। यह टाटा सूमो चंबा जिले के पांगी की ओर जा रही थी। हादसे में मारे गए सभी लोग पांगी क्षेत्र के रहने वाले थे।हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून ने 30 जून को दस्तक दी थी। चंबा में हुए इस बस हादसे से पहले मानसून सीजन में सड़क हादसों में 78 लोगों की मौत हो चुकी थी। इस हादसे में सात और लोगों की मौत के बाद मानसून सीजन में सड़क हादसों में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 85 हो गई है। वहीं, मानसून सीजन में वर्षा जनित हादसों में अब तक कुल 150 लोगों की मौत हो चुकी है।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page