नेपाल की स्थिति पर भारत-नेपाल अधिकारियों की बैठक,बॉर्डर पर सतर्कता बढ़ाने का निर्णय
झरौखर बॉर्डर पर एसएसबी, एपीएफ व पुलिस की समन्वय बैठक
सिकरहना। नेपाल के सुनसरी जिले में हाल ही में हुई सांप्रदायिक हिंसा एवं तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में शुक्रवार को जमुनिया एवं अठमोहान के बीच स्थित संयुक्त सीमा स्तंभ संख्या 357/03 के निकट झरौखर पोस्ट पर 71वीं वाहिनी एसएसबी, 12वीं वाहिनी एपीएफ (नेपाल) तथा झरौखर थाना की संयुक्त सीमा समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता 71वीं वाहिनी एसएसबी के डीसी संतोष कुमार एवं 12वीं वाहिनी एपीएफ नेपाल के डीएसपी सजेन्द्र प्रसाद श्रेष्ठ ने संयुक्त रूप से की। बैठक में एसी प्रमोद कुमार, एसी अखिलेश कुमार, इंस्पेक्टर अमित कुमार, एपीएफ के इंस्पेक्टर उमेश आले तथा झरौखर थाना प्रभारी उप निरीक्षक असलम अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में नेपाल की वर्तमान स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर निगरानी और संयुक्त गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, स्थानीय लोगों को जागरूक करने तथा तृतीय देशों के नागरिकों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने इस बात पर भी सहमति जताई कि यदि कोई भारतीय नागरिक नेपाल जाकर हिंसात्मक गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो, उसकी सूचना दोनों देशों के प्रशासन आपस में साझा किया जायेगा।

