ह्यूमैन ट्रैफिकिंग रोकथाम को लेकर जिला पुलिस को मिला राज्यस्तरीय सम्मान
मोतिहारी। एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट मोतिहारी द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन 3.0’ के तहत ऑर्केस्ट्रा से नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित मुक्त कराने के अभियान में जिले ने पूरे बिहार में दूसरा स्थान हासिल किया है। इसके साथ ही मानव तस्करी के खिलाफ चलाए गए सफल अभियान के लिए ‘विश्व मानव व्यापार दिवस’ के अवसर पर मोतिहारी पुलिस को सम्मानित किया गया है।
बिहार की अपर पुलिस महानिदेशक , कमजोर वर्ग , द्वारा मोतिहारी पुलिस के एएचटीयू प्रभारी सर्वेंद्र कुमार सिन्हा एवं सब-इंस्पेक्टर नवल किशोर को सम्मानित किया गया। उनके सराहनीय योगदान के लिए पटना में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात के कुशल नेतृत्व में टीम ने मानव तस्करी के विरुद्ध पूरे जिले में जबरदस्त कार्य किया , नतीजतन सूबे ने इस जिला को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। बताते है कि पुलिस के उक्त विंग के लगातार कार्रवाई से मानव तस्करों और ऑर्केस्ट्रा संचालकों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस प्रशासन द्वारा नाबालिग लड़कियों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाकर उन्हें नया जीवन देने के इस प्रयास को राज्य स्तर पर काफी सराहा गया है। इस सम्मान से जिले के पुलिस महकमे में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

