सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ ‘रोको-टोको’ अभियान करें तेजः  डीएम 

सीमा पर नशा तस्करी के खिलाफ ‘रोको-टोको’ अभियान करें तेजः  डीएम 
Facebook WhatsApp

– नार्को-कोऑर्डिनेशन  समिति की हुई बैठक में अबतक की कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत

मोतिहारी। इंडो-नेपाल सीमा से हो रही मादक पदार्थों की तस्करी पर  रोक लगाने की दिशा में डीएम ने सख्त निर्देश दिया है। कलेक्ट्रेट  स्थित डॉ. राधाकृष्णन भवन में आयोजित जिला स्तरीय नार्को-कोऑर्डिनेशन  समिति की आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सीमा क्षेत्रों, रेलवे स्टेशनों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

नशे के अवैध कारोबार को समाप्त करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ नियमित कार्रवाई करने को कहा। उन्होने रक्सौल और ढाका अनुमंडल को नारकोटिक्स तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील बताते हुए पुलिस एवं एसएसबी को संयुक्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। 

नेपाल सीमा से सटे 15 किलोमीटर तक का इलाका तस्करी के लिहाज से अत्यंत संवेदनशील है। फलस्वरूप  लगातार निगरानी, संयुक्त छापेमारी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया।

इस अवसर पर 47वीं बटालियन एसएसबी, रक्सौल के कमांडेंट ने बताया कि  पिछले एक माह के दौरान पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई में गांजा, स्मैक और चरस की बड़ी खेप बरामद की गई साथ ही कई तस्करों की गिरफ्तार हुई। 71वीं बटालियन एसएसबी, पीपराकोठी के कमांडेंट ने बताया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से मानव तस्करी एवं नारकोटिक्स के मामलों में कई लोग गिरफ्तार किए गए है।अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। नगर थाना पुलिस के द्वारा बताया गया कि क्षेत्र से 4 किलोग्राम अफीम, 6000 प्रतिबंधित इंजेक्शन जब्त करते हुए 5 लोग  गिरफ्तार किए गए हैं।

रघुनाथपुर एवं तुरकौलिया क्षेत्र से 234 ग्राम गांजा के साथ 3 लोग पकड़े गए। जबकि ढाका अनुमंडल में 6.50 किलोग्राम अफीम एवं 100 ग्राम गांजा बरामद कर 5 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।  रक्सौल अनुमंडल में एक माह के दौरान 11 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 29 किलोग्राम गांजा, 150 ग्राम स्मैक और 17 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।

उक्त अवसर पर सहायक आयुक्त मद्य निषेध ने बताया कि पिछले एक माह में 87 शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया गया।इस दौरान 1,244 लीटर विदेशी शराब तथा 16,355 लीटर देसी शराब जब्त की गई और 36 वाहन  भी जब्त किए गए। सदर अस्पताल स्थित नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र में 8 लोगों को भर्ती कराया गया।

बैठक में शामिल जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि अप्रैल से जुलाई 2026 के बीच उर्वरक की कालाबाजारी रोकने के लिए 749 छापेमारी की गई, जिनमें 26 मामलों में अनियमितता, 14 एफआईआर, 4 लाइसेंस रद्द, 2 लाइसेंस निलंबित तथा 8 विक्रेताओं से सवाल जवाब तलब किया  गया। वहीं जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सीमा सुरक्षा बल, स्थानीय पुलिस और संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान लगातार जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को सीमावर्ती क्षेत्रों में खाद दुकानों का नियमित स्टॉक सत्यापन सुनिश्चित रूप से करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करें, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

 

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page