सरकार की योजनाओं को पूरा नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई:उप विकास आयुक्त
-मनरेगा अंतर्गत संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उपलब्धि में कई प्रखंड पीछे
मोतिहारी। उप विकास आयुक्त, की अध्यक्षता में मनरेगा योजना की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। उक्त बैठक में निदेशक, एनईपी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), सहायक अभियन्ता (मनरेगा), कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), कनीय अभियन्ता एवं पंचायत तकनीकी सहायक उपस्थित थे।
इस दौरान मानव दिवस सृजन समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिला स्तर पर 76.19 प्रतिशत की उपलब्धि है, जबकि राज्य स्तर पर 154.98 प्रतिशत की उपलब्धि है। कुछ प्रखंडों की उपलब्धि निराशाजनक पायी गई, जिसमें संग्रामपुर में 41.96 प्रतिशत, पहाड़पुर में 48.02 प्रतिशत, बनकटवा में 50.01 प्रतिशत, अरेराज में 54.04 प्रतिशत, मेहसी में 56.244 प्रतिशत, कोटवा में 59.66 प्रतिशत एवं पताही में 60.15 प्रतिशत है। नतीजतन सभी संबंधित कार्यक्रम पदाधिकारियों को कम से कम 75 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त करने का निर्देश दिया गया पीएमएवाईजी अभिसरण समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिला स्तर पर कुल 24066 योजनाओं में से 3250 योजनाओं में एमआर निर्गत कर 13.50 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की गई है, लेकिन कुछ प्रखंडों की उपलब्धि असंतोषजनक है।
इनमें कोटवा प्रखण्ड में 00 प्रतिशत, पीपराकोठी प्रखण्ड में 00 प्रतिशत, चकिया प्रखण्ड में 0.26 प्रतिशत, पहाड़पुर प्रखंड में 1.65 प्रतिशत, संग्रामपुर में 3.69 प्रतिशत तेतरिया में 6.25 प्रतिशत, पताही प्रखण्ड में 7.42 प्रतिशत एवं छौड़ादानों में 8.99 प्रतिशत एवं घोड़ासहन में 9.67 प्रतिशत की उपलब्धि है। लिहाजा कार्यक्रम पदाधिकारियो को एक सप्ताह के अन्दर अपेक्षित प्रगति प्राप्त करने का निर्देश दिया गया।
ईकेवाईसी समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जिले में कुल 4,46,741 सक्रिय मजदूरों में से 3,90,350 मजूदरों का ईकेवाईसी कर जिला स्तर पर 87.41 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की गई है। कुल 56,220 ईकेवाईसी हेतु लंबित है। सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को एक सप्ताह के अन्दर शत-प्रतिशत सक्रिय मजदूरों का ईकेवाईसी कराने का निदेश दिया गया।
जियो टैगिंग समीक्षा के क्रम में पाया गया कि जियो टैगिंग में जिला स्तर पर प्रथम फेज में 09 मामले, द्वितीय फेज में 1507 एवं तृतीय फेज में 2188 मामले लंबित है, जिसमें तृतीय फेज में सबसे अधिक मामले कल्याणपुर प्रखण्ड में 199, पकड़ीदयाल प्रखण्ड में 189, रामगढ़वा प्रखण्ड में 187, केसरिया प्रखण्ड में 177, बनकटवा प्रखण्ड में 167, पहाड़पुर प्रखण्ड में 149, घोड़ासहन प्रखण्ड में 130 एवं चिरैया प्रखण्ड में 116 मामले लंबित है। सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को एक सप्ताह के अन्दर तीनों फेज के सभी लंबित मामले का निष्पादन कराने का निर्देश दिया गया।
मनरेगा के तहत कुल 43399 योजनाएं प्रारंभ की गई, जिसमें 2287 योजनाएं पूर्ण कर 5.27 प्रतिशत की उपलब्धि प्राप्त की गई है। सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को कार्य योजना बनाते हुए कम से कम 90 प्रतिशत अपूर्ण योजनाओं को पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। वृक्षारोपण योजना वित्तीय वर्ष-2026-27 के लिए जिला स्तर पर 950400 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें मात्र 13.05 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की गई है। सभी कार्यक्रम पदाधिकारियों को एक सप्ताह के अन्दर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार योजना प्रारंभ करने का निदेश दिया गया।

