मतदान के लिए नियुक्त प्रेक्षको ने तैयारियों का लिया जायजा
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित जिला के सभी निर्वाची पदाधिकारी के साथ सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी सहित सीएपीएफ के सभी कमांडेंट रहे उपस्थित
मोतिहारी।बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण व भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली द्वारा नियुक्त प्रेक्षको के द्वारा समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद सभागार में जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं सीएपीएफ कमांडेंटगण के साथ बैठक कर अब तक किए गए कार्य एवं निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में आगे की कार्य योजना को लेकर बैठक संपन्न हुई।
उल्लेखनीय कि जिला के सभी 12 विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक सामान्य प्रेक्षक, एक पुलिस प्रेक्षक एवं व्यय अनुश्रवण के लिए चार व्यय प्रेक्षक की नियुक्ति भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा की गई है। सर्वप्रथम जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने सभी प्रेक्षको का स्वागत किया। तत्पश्चात् पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिला में निर्वाचन को लेकर अबतक की गई तैयारी एवं कार्यों की जानकारी दी।
–जिले की कुल आबादी 60.32 लाख, वोटर 34.42 लाख
जिला निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि जिला की कुल आबादी 60. 32 लाख है, जिसमें 34.42 लाख वोटर हैं। इनमें पुरुष वोटर की संख्या 18.35 लाख एवं महिला वोटर की संख्या 16.07 लाख है।
–4065 मतदान केन्द्रो पर होगा मताधिकार का प्रयोग
बिहार विधानसभा निर्वाचन के लिए जिला में कुल 4095 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिसमें 455 शहरी क्षेत्र में एवं 3640 ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित है। यह सभी मतदान केंद्र 1905 लोकेशंस पर स्थित है, जिसमें शहरी क्षेत्र में एक 66 लोकेशन और ग्रामीण क्षेत्र में 1739 लोकेशन हैं। सभी लोकेशंस का जियो टैग किया गया है एवं उसके आधार पर व्यवस्थित संचार प्रणाली बनाई गई है ताकि जरूरत पड़ने पर कम से कम समय में और कम से कम दूरी तय करके यथा स्थान पहुंचा जा सके।

सभी मतदान केंद्रों को मतदाता फ्रेंडली बनाया गया है। सभी जगह एएमएफ की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जिला के सभी मतदान केंद्रों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के आलोक में सीसीटीवी कैमरा लगाई जाएगी एवं सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया का वेब कास्टिंग कराया जाएगा। मतदान केंद्र पर मतदाता मोबाइल लेकर जा सकेंगे परंतु मतदान केंद्र के बाहर ही उन्हें मोबाइल रखने की व्यवस्था कराई जाएगी इसके लिए सभी मतदान केंद्र पर मोबाइल पॉकेट रहेगा। सभी मतदान केंद्र पर पर्दानशी महिलाओं की भी प्रतिनियुक्ति होगी जो महिला मतदाताओं की अच्छे से पहचान कर सके।

