नेपाल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री गहवामाई की निकली चौथी रथयात्रा,उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
-बारिश पर भी भारी पड़ा आस्था
रक्सौल। नेपाल के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री गहवामाई मंदिर की चौथी रथयात्रा गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद रथयात्रा गहवामाई मंदिर से प्रारंभ हुई। यात्रा घण्टाघर, रेलवे रोड के भीतरी बाइपास, छपकैया, मुख्य सड़क, अस्पताल रोड, मकालु चौक, आदर्शनगर और घड़िअर्वा होते हुए पुनः माईस्थान मंदिर पहुंची। मंदिर संचालन समिति के अध्यक्ष नरेंद्र साह ने बताया कि रथयात्रा के समापन के बाद दोपहर 12 बजे तक पूजा-अर्चना हुई। तत्पश्चात दोपहर 1 बजे से धार्मिक अनुष्ठान शुरू हुआ। शाम 4 बजे मुख्य हवन, 6 बजे भव्य महाआरती तथा शाम 6:30 बजे श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
रथयात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र प्रहरी बल और ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई। सादे कपड़ों में भी सुरक्षाकर्मी पूरे मार्ग पर निगरानी करते दिखे।
यातायात व्यवस्था के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाए गए थे। सुबह में हो रही रह बारिश भी आस्था के सामने फींकी पड़ गई। श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर दिखा। मुख्य सड़क चौड़ीकरण के कारण कुछ स्थानों पर असुविधा हुई, फिर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव के साथ रथयात्रा में शामिल हुए। आयोजकों ने कहा कि यह रथयात्रा धार्मिक सद्भाव, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है।

