मेलबर्न में पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत

मेलबर्न में पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत
Facebook WhatsApp

भारतीय समुदाय के स्नेह से अभिभूत हुए प्रधानमंत्री, बोले- यह स्वागत हमेशा याद रहेगा

मेलबर्न। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे की शुरुआत भारतीय समुदाय के गर्मजोशी भरे स्वागत के साथ हुई।बुधवार को मेलबर्न पहुंचने पर बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोगों ने कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी का शानदार स्वागत किया। पीएम मोदी ने इस आत्मीय स्वागत को वास्तव में अविस्मरणीय बताते हुए भारतीय समुदाय के प्रति आभार जताया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, मेलबर्न का मौसम भले ही ठंडा हो, लेकिन भारतीय समुदाय के स्वागत की गर्मजोशी वास्तव में अविस्मरणीय रही। भारत के साथ उनका स्नेह और अटूट जुड़ाव गर्व और खुशी का स्रोत है।

स्वागत समारोह के दौरान भारतीय समुदाय के लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इस मौके पर स्थानीय कलाकारों ने कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं।प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलियन-इंडिया ऑर्केस्ट्रा की ओर से प्रस्तुत ‘मां तुझे सलाम’ कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगीत दोनों देशों के लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने ऑर्केस्ट्रा के कलाकारों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रस्तुति भारत के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की वैश्विक लोकप्रियता को भी दर्शाती है, खासकर उस समय जब इसके 150 वर्ष पूरे होने का अवसर मनाया जा रहा है।

पीएम मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के पारंपरिक वाद्य डिड्जेरिडू और भारत के तबले की संयुक्त प्रस्तुति को भी शानदार बताया। उन्होंने कहा कि इन दोनों वाद्य यंत्रों की मधुर संगति भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाती है।इसके अलावा प्रधानमंत्री ने मेलबर्न में प्रस्तुत की गई कथक प्रस्तुति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में भारतीय नृत्य और संस्कृति की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वह ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर जनरल सैम मोस्टिन से मुलाकात करेंगे और दोनों देशों के उद्योग जगत के प्रमुखों के साथ भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में भाग लेंगे। वह मेलबर्न में भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page