लक्ष्मीपुर में बड़ा हादसा टला, बच्ची को बचाने में पिकअप पेड़ से टकराई
मोतिहारी। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गदरिया स्थित जवाहर लाल इंटरनेशनल स्कूल के समीप शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। एक पिकअप वाहन अचानक सामने आई बच्ची को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इस घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि बच्ची और चालक दोनों सुरक्षित बच गए।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि पिकअप अरेराज से मोतिहारी की ओर जा रहा था। इसी दौरान लक्ष्मीपुर कचहरिया टोला की एक बच्ची सरकारी स्कूल से पढ़कर अपने घर लौट रही थी। वह सड़क के किनारे-किनारे चल रही थी, लेकिन अचानक सड़क पर आ गई। बच्ची को सामने देख चालक घबरा गया और उसे बचाने के लिए तत्काल ब्रेक लगा दिया।ब्रेक लगाते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और बच्ची को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही रघुनाथपुर थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। बताया जाता है कि यह घटना शनिवार शाम करीब चार बजे की है। स्थानीय लोगों ने चालक की सराहना करते हुए कहा कि उसकी सतर्कता से एक मासूम की जान बच गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

