जैव ईंधन से कच्चे तेल आयात पर निर्भरता खत्म करने का लक्ष्य, किसान बनेंगे ऊर्जा व हाइड्रोजन उत्पादक : गडकरी

जैव ईंधन से कच्चे तेल आयात पर निर्भरता खत्म करने का लक्ष्य, किसान बनेंगे ऊर्जा व हाइड्रोजन उत्पादक : गडकरी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि जैव ऊर्जा और वैकल्पिक ईंधन का विस्तार भारत को आत्मनिर्भर बनाने तथा सालाना 22 लाख करोड़ रुपये के जीवाश्म ईंधन आयात पर निर्भरता समाप्त करने का प्रभावी माध्यम है।उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक फसलों के साथ ऊर्जा, ईंधन, जैव-बिटुमेन और हरित हाइड्रोजन का उत्पादक बनाना होगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

गडकरी ने मंगलवार को यहां भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय जैव ऊर्जा शिखर सम्मेलन में कहा कि देश में वायु प्रदूषण का करीब 40 फीसदी हिस्सा परिवहन क्षेत्र से आता है। इससे निपटने के लिए सरकार इथेनॉल, आइसोब्यूटेनॉल, संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी), तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी), जैव विमानन ईंधन और हरित हाइड्रोजन को बढ़ावा दे रही है।केंद्रीय मंत्री ने बताया कि मक्के से इथेनॉल बनाने की अनुमति दिए जाने के बाद मक्के का बाजार भाव 1,200 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2,600 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया।

इससे उत्तर प्रदेश और बिहार के मक्का उत्पादक किसानों को 45 हजार करोड़ रुपये का सीधा लाभ हुआ है। धान की पराली से जैव-बिटुमेन तैयार करने की तकनीक विकसित की गई है। केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान ने इसे पेट्रोलियम आधारित बिटुमेन से बेहतर प्रमाणित किया है। अब तक 25 उद्यमियों ने इसके लिए लाइसेंस लिया है। नागपुर-जबलपुर राजमार्ग पर जैव-बिटुमेन से एक किलोमीटर सड़क का निर्माण भी किया जा चुका है।गडकरी ने कहा कि नेपियर घास से जैव-सीएनजी और हरित हाइड्रोजन बनाने की भी व्यापक संभावनाएं हैं। इससे बंजर और कृषि भूमि का बेहतर उपयोग किया जा सकता है।

भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग का आकार 14 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 22 लाख करोड़ रुपये हो गया है। भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार बन गया है। इस क्षेत्र में साढ़े चार करोड़ से अधिक रोजगार सृजित हुए हैं और कुल उत्पादन का 50 फीसदी निर्यात किया जा रहा है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page