विशेष वाहन जांच में चोरी की बाइक के साथ एक गिरफ्तार, गिरोह के सुराग में जुटी हरसिद्धि पुलिस
हरसिद्धि। थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान हरसिद्धि पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ एक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान यादोपुर निवासी बीरबल प्रसाद, पिता स्वर्गीय रामावतार प्रसाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने बाइक जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि नियमित वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल संदिग्ध प्रतीत होने पर चालक से पूछताछ की गई। इसके बाद वाहन के कागजात एवं इंजन-चेसिस नंबर का सत्यापन किया गया, जिसमें बाइक चोरी की निकली। इसके बाद मौके पर ही चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक कहां से लाई गई थी और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले में जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद गिरफ्तार आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। साथ ही चोरी के वाहनों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
छापेमारी दल में अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, दरोगा प्रीतम कुमार, दरोगा नेहा वर्षा तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

