ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा,लूटे गए ज्वेलरी व नगदी समेत 5 गिरफ्तार

ज्वेलरी लूटकांड का खुलासा,लूटे गए ज्वेलरी व नगदी समेत 5 गिरफ्तार
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के मुफस्सिल थानाक्षेत्र के गोढ़वा चौक पर 12 जून को ज्वेलरी व्यवसायी से हुई आभूषण लूटकांड का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। घटना को लेकर गठित विशेष जांच दल ने तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है।जिनकी निशानदेही पर पुलिस ने 6 लाख 95 हजार 380 रुपये नकद, 436 ग्राम चांदी के आभूषण, दो बाइक और तीन मोबाइल बरामद किया है।

आरोपितो ने पूछताछ के दौरान घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। सदर एसडीपीओ-2 जितेश कुमार पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार बदमाशों में मधुबन थाना क्षेत्र के बहुआरा निवासी गोलू कुमार, बंजरिया थाना क्षेत्र के अजगरी निवासी श्रीराम कुमार व अनिल कुमार, घोरमरवा निवासी संजय कुमार तथा पश्चिम चंपारण के योगापट्टी थाना क्षेत्र के धनौतिया पीपरा निवासी अवधेश साह शामिल हैं।

इनके पास से तीन जोड़ी चांदी की पायल, दो हथशंकर (कुल 436 ग्राम), दो बाइक तथा तीन मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।एसडीपीओ ने बताया कि 12 जून की रात ज्वेलरी व्यवसायी शिवजी साह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें घेरकर आभूषण से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।

घटना के बाद गठित एसआईटी ने तकनीकी अनुसंधान के आधार पर सबसे पहले गोलू कुमार को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर चार अन्य आरोपित भी दबोच लिए गए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि वारदात के बाद बदमाश लूटा गया आभूषण लेकर अवधेश साह के पास पहुंचे थे। अवधेश ने करीब 6.50 लाख रुपए में आभूषण खरीद लिया था। बरामद नकदी में 6.70 लाख रुपए अवधेश के पास से तथा करीब 25 हजार रुपए गोलू के पास से मिले। गोलू ने अपने हिस्से के पैसों से एक बाइक भी खरीदी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार संजय कुमार पर बंजरिया थाना में हत्या का मामला दर्ज है, जबकि गोलू कुमार पर नगर थाना में रंगदारी का केस दर्ज है। अन्य आरोपितों के आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है।

छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ-2 जितेश कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष अमित कुमार, अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, दारोगा रोहन कुमार, पंकज कुमार, पप्पू दूबे, सुभाष कुमार, अजीत कुमार, बसंत कुमार, सोनू कुमार, जिला आसूचना इकाई एवं पुलिस के जवान शामिल थे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page