अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर एसएसबी ने चलाया जागरूकता अभियान, दिलाई नशामुक्ति की शपथ
रक्सौल। अंतरराष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर 47 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), रक्सौल द्वारा कमांडेंट संजय पांडेय के मार्गदर्शन में वाहिनी मुख्यालय एवं सभी बाह्य सीमा चौकियों पर नशे के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान अधिकारियों, जवानों एवं स्थानीय लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा जागरूकता रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम में बताया गया कि मादक पदार्थों का सेवन न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, जैसे लिवर और फेफड़ों को गंभीर नुकसान पहुंचाता है, बल्कि मानसिक तनाव, अपराधों में वृद्धि और परिवारों के विघटन का भी प्रमुख कारण बनता है।
अभियान का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।इस अवसर पर वाहिनी मुख्यालय एवं सभी बाह्य सीमा चौकियों के एसएसबी जवान, नेपाल एपीएफ के सुरक्षाकर्मी तथा स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

