चिरैया पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर 10 फरार वारंटियों के घरों पर चस्पाया इश्तेहार
चिरैया। थाना की पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त विभिन्न मामलों में फरार चल रहे आरोपितों के विरुद्ध रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 10 इशतेहारों का तामिला कराया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस पदाधिकारियों ने संबंधित वारंटियों के घर पहुंचकर इश्तहार चस्पा किया तथा इसकी विधिवत रिपोर्ट तैयार की।
पुलिस द्वारा जिन वारंटियों के विरुद्ध इश्तेहार तामिला किया गया, उनमें थाना क्षेत्र के बरेठा गांव निवासी फुलेश्वरी देवी, निशहर देवी, बृजकिशोर राय, रामेश्वर राय एवं रंजू कुमारी, लालबेगिया गांव निवासी नरेश पंडित एवं रामकली देवी, चिरैया निवासी लालबाबू साह, हरबोलवा निवासी सरफुद्दीन तथा मोतिहारी न्यायालय के एक मामले में ओसी अहमद शामिल हैं।
सिकरहना एसडीपीओ अभिषेक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी, ढाका तथा न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी, मोतिहारी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने संबंधित आरोपितों के आवास पर पहुंचकर न्यायालय का इश्तहार चस्पा किया तथा इसकी सूचना स्थानीय लोगों को भी दी गई। उन्होंने बताया कि न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपितों को निर्धारित अवधि के भीतर न्यायालय में उपस्थित होने की चेतावनी दी गई है।
निर्धारित समय सीमा में न्यायालय के समक्ष उपस्थित नहीं होने पर उनके विरुद्ध अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इश्तेहार तामिला की कार्रवाई में चिरैया थाना के सब-इंस्पेक्टर मनोज कुमार रंजन, एएसआई राजकुमार पासवान तथा सशस्त्र पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने कहा कि न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

