राजग सरकार ने विकास, सुशासन और बड़े फैसलों के जरिए देश को नई दिशा दीः प्रधानमंत्री मोदी

राजग सरकार ने विकास, सुशासन और बड़े फैसलों के जरिए देश को नई दिशा दीः प्रधानमंत्री मोदी
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नेताओं की बैठक में कहा कि वर्ष 2014 में देश ने हमपर भरोसा और उम्मीद जताई थी।उसे पिछले 12 वर्षों में हमने और मजबूत किया गया है। सरकार ने विकास, सुशासन और बड़े फैसलों के जरिए देश को नई दिशा दी है। उन्होंने दावा किया कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

राजग नेताओं की बैठक में दिए गए अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2014 में मिली जीत के बाद उन्होंने देश में आशा के नए माहौल की बात कही थी। उन्होंने कहा कि उस आशा और विश्वास को बनाए रखना पूरे राजग परिवार की जिम्मेदारी थी। उनके अनुसार देशवासियों ने कांग्रेस के प्रति निराशा के बाद अपना भरोसा राजग को सौंपा था। राजग ने उस विश्वास को लगातार मजबूत करने का काम किया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश कई बड़े घोटालों से प्रभावित रहा। उस दौर में विकास की गति भी धीमी रही। वर्ष 2014 में राजग सरकार बनने के बाद देश ने देखा कि सही नीयत, स्पष्ट नीति और मजबूत निर्णय क्षमता से विकास को नई गति मिल सकती है। राजग के 12 वर्षों की एक बड़ी उपलब्धि यह है कि देश कांग्रेस की सोच और कार्यशैली से बाहर निकला है।

उन्होंने कहा कि एक समय लोगों को यह विश्वास दिलाया गया था कि भारत में तेज विकास संभव नहीं है। धीमी विकास दर को “हिंदू ग्रोथ रेट” का नाम दिया गया था। यह नाम गलत था। इसके पीछे शासन की विफलताएं थीं। उन्होंने कहा कि उस समय सुशासन, स्पष्ट नीति, सही नीयत और निर्णायक नेतृत्व का अभाव था। उस दौर को ‘कांग्रेस ग्रोथ रेट’ कहा जाना चाहिए था।प्रधानमंत्री मोदी ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने का अवसर मिलने को अपना सौभाग्य बताया। उन्होंने इस अवसर पर सम्मान देने के लिए राजग के सहयोगी नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता उनके लिए ईश्वर का रूप है और उन्होंने सार्वजनिक जीवन को सेवा और साधना के रूप में देखा है। उन्होंने इस यात्रा को सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया।

उल्लेखनीय है कि 10 जून को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी का कार्यकाल 4,399 दिनों का हो गया। इस अवसर पर भारत मंडपम में राजग नेताओं की बैठक में उन्होंने सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की प्राथमिकताओं पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग की जरूरतों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को करमुक्त किया गया। सरल और फेसलेस कर व्यवस्था बनाई गई। बेहतर बुनियादी ढांचे और नई नीतियों के कारण युवाओं के लिए अवसर बढ़े हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश सर्वोपरि की सोच कठिन फैसले लेने को आसान कर देती है। उन्होंने इस संदर्भ में अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे पूरे देश में संविधान समान रूप से लागू हुआ। उन्होंने पूर्वोत्तर में शांति और स्थिरता लौटने का भी जिक्र किया। आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को अपनी क्षमता दिखाई है।आर्थिक स्थिति पर प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाएं चुनौतियों का सामना कर रही हैं। उनके अनुसार भारत अब ‘फ्रेजाइल फाइव’ की श्रेणी से निकलकर दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन चुका है। भारत ने वर्ष 2025-26 में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि दर हासिल की। 31 मार्च को समाप्त तिमाही में वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही।

प्रधानमंत्री ने ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में हुए प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने समुद्र मंथन मिशन, तेल और गैस खोज तथा 500 गीगावाट ऊर्जा लक्ष्य का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में भी भारत ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, चिप निर्माण, बैटरी स्टोरेज, ड्रोन, डेटा सेंटर, क्वांटम कंप्यूटिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता को भविष्य के महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्ष सरकार और समाज की साझेदारी के रहे हैं। स्वच्छता अभियान, डिजिटल भुगतान और कोरोना महामारी के दौरान जनता के सहयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देशवासियों ने हमेशा सरकार का साथ दिया। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने राज्यों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भी आह्वान किया।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page