मादक पदार्थों के अवैध व्यापार,भंडारण, परिवहन एवं सेवन के विरुद्ध नियमित करें छापामारी: जिलाधिकारी 

मादक पदार्थों के अवैध व्यापार,भंडारण, परिवहन एवं सेवन के विरुद्ध नियमित करें छापामारी: जिलाधिकारी 
Facebook WhatsApp

-युवाओं में सुखा नशा की बढ रही प्रचलन: एसपी

मोतिहारी। जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की संयुक्त अध्यक्षता में नार्को-कोऑर्डिनेशन की जिला स्तरीय बैठक का आयोजन समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में किया गया। जिसमें जिलाधिकारी ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार, इसके भंडारण एवं परिवहन तथा मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध प्रभावी नियंत्रण हेतु आपसी समन्वय स्थापित कर नियमित कार्रवाई की जाए एवं पकड़े गए लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें।

जिला के सीमावर्ती अनुमंडल खासकर रक्सौल तथा ढाका के क्षेत्र में पुलिस एवं सीमा सुरक्षा बल के पदाधिकारियो के द्वारा विशेष सतर्कता बरतते हुए संयुक्त छापामारी अभियान नियमित संचालित किया जाए। बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिंहा, जिला परिवहन पदाधिकारी निवेदिता कुमारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी अरुण कुमार,समादेष्टा 71वीं बटालियन, 20 वीं बटालियन एवं 47वीं बटालियन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी औषधि नियंत्रक,जिला कृषि पदाधिकारी, वन प्रमंडल पदाधिकारी, अधीक्षक मधनिषेध, डीपीओ आईसीडीएस, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी तथा प्रतिनिधि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो मोतिहारी उपस्थित थे।

उपस्थित कमांडेंट 47वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल रक्सौल ने बताया कि पुलिस के साथ सशस्त्र सीमा बल की ज्वाइंट ऑपरेशन में पिछले एक माह में गांजा, स्मैक चरस पकड़ा गया है। इस बीच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई चल रही है। सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने एवं अंतर जिला समन्वय को और सुदृढ़ करने पर बल दिया गया है। कमांडेंट 71वीं बटालियन सशस्त्र सीमा बल पिपरा कोठी के द्वारा बताया गया कि स्थानीय पुलिस के सहयोग से नार्कोटिक्स के 08 केश दर्ज कराए गए हैं, नौ व्यक्तियों की गिरफ्तारी की गई है। ड्रग्स दुकानों पर भी छापेमारी की गई है।

जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि उर्वरक के अवैध व्यापार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक माह में 323 छापेमारी की गई है। 18 मामलों में अनियमितता पाई गई, जिसमें 8 के विरुद्ध प्राथमिक की दर्ज कराई गई है।पिछले एक माह में पांच दुकानों की अनुज्ञप्ति रद्द की गई है, तीन दुकानों की अनुज्ञप्ति को निलंबित किया गया है इस बीच 07 उर्वरक विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मौके पर उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी रक्सौल, अनुमंडल पदाधिकारी ढाका एवं पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय के द्वारा भी की इस माह की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सीमा सुरक्षा बल स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर तस्करी विरुद्ध अभियान चलाए। जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि बॉर्डर एरिया में खाद के दुकानों के स्टॉक वेरिफिकेशन नियमित रूप से करें। जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नया लाइसेंस नहीं दिया जा रहा है और जांच कार्यवाही की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निरोधात्मक कार्य में लगे हुए पदाधिकारी स्थानीय थाना को सूचना निश्चित रूप से दें। एक दूसरे के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का चलन युवा वर्ग में तेजी से बढ़ रहा है, जिसका उनके स्वास्थ्य,उनके परिवार और समाज पर इसका बुरा प्रभाव देखने को मिल रहा है। इसके विरुद्ध जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई अपेक्षित है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page