एसबीआई ब्रांच में अज्ञात चोरो ने सेंधमारी कर चोरी का किया असफल प्रयास

एसबीआई ब्रांच में अज्ञात चोरो ने सेंधमारी कर चोरी का किया असफल प्रयास
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के महुआवा गांव स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में शुक्रवार की रात अज्ञात चोरो ने सेंधमारी कर चोरी का असफल प्रयास किया। इस दौरान बदमाशो ने बैंक परिसर में घुसकर ताले और खिड़कियां तोड़ने में सफल रहे, हालांकि बैंक के लॉकर तक नहीं पहुंच सके।घटना के बाद पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने के आरोप में गश्ती दल से जुड़े एक दारोगा, दो सिपाहियों और एक चौकीदार को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पहले बैंक परिसर की गतिविधियों का जायजा लिया और फिर सुनियोजित तरीके से ताले तथा खिड़कियों को क्षतिग्रस्त कर अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। हालांकि वे बैंक के लॉकर तक नहीं पहुंच सके, जिससे किसी तरह की नकदी या अन्य संपत्ति की चोरी नहीं हुई।

शनिवार सुबह शाखा खुलने पर घटना की जानकारी सामने आई। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात्रि गश्ती टीम में शामिल दारोगा राज नारायण कौशिक, दो सिपाहियों और एक चौकीदार को निलंबित करते हुए घटना की जांच के लिए सिकरहना डीएसपी अभिषेक कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर दी है।

टीम को चोरी के प्रयास में शामिल अपराधियों की पहचान करने, उनके नेटवर्क और वारदात की पूरी साजिश का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि अपराधियों को बैंक की संरचना और आसपास के क्षेत्र की अच्छी जानकारी थी, जिसके कारण वे देर रात बिना किसी व्यवधान के बैंक परिसर तक पहुंचने में सफल रहे।

जांच के दौरान एक त्रृटि भी सामने आया है कि सेंधमारी की कोशिश करने, ताले और खिड़कियो के तोड़े जाने के बावजूद बैंक का सुरक्षा अलार्म सक्रिय नहीं हो सका। पुलिस ने इसे बैक सुरक्षा में बड़ी चूक मानते हुए यह जांच कर रहे हैं कि आखिर सुरक्षा अलार्म किन परिस्थिति में निष्क्रिय था।

घटनास्थल से टूटे ताले, क्षतिग्रस्त खिड़कियों समेत अन्य साक्ष्य जुटाए गए हैं। तकनीकी टीम बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की जल्द ही पहचान कर ली जायेगी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार बैंक के सभी लॉकर सुरक्षित पाए गए हैं और किसी भी प्रकार की नकदी की चोरी नहीं हुई है।मामले में चोरी के असफल प्रयास के रूप में दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page