पूर्वी चंपारण के 54 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन

पूर्वी चंपारण के 54 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन
Facebook WhatsApp

पूर्वी चंपारण। जिला के सभी 27 प्रखंडों के दो-दो पंचायत में कुल 54 पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। ग्रामीण विकास एवं सूचना जनसंपर्क विभाग सह प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार मेहसी, चकिया और पिपराकोठी के क्रमशः हरपुरनाग, चिंतामणपुर एवं वीरपुर छपरा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में शिरकत किए और आमजनों की समस्याओं को सुना। उनके साथ शिविर में विधायक प्रमोद कुमार, जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, अनुमंडल पदाधिकारी चकिया एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

इस अवसर पर श्रवण कुमार ने बड़ी संख्या में शिविर में आए हुए नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं आवश्यकताओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वतरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

हरपुरनाग में आयोजित शिविर में श्रवण कुमार ने पात्र लोगों को राशन कार्ड एवं मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया। यहां पर कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिसमें से 58 आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन किया गया था। जो 2 आवेदन बचे हुए थे, उसका भी समय सीमा के अंदर शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। चिंतामणपुर पंचायत में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 84 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया था। शेष बचे आवेदनों के निष्पादन का निर्देश दिया गया।

यहां पर 3245 जीविका समूह के दीदियों को कुल 51 करोड़ की योजना का चेक सांकेतिक रूप में दिया गया। वहीं, वीरपुर छपरा में 207 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 206 का निष्पादन किया जा चुका था। सिर्फ एक आवेदन का निष्पादन बचा था, जिसको शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

इस अवसर पर श्रवण कुमार ने उपस्थित जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि सहयोग शिविर का आयोजन राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जो आमजन के हित में है।

पहले अपनी समस्याओं को लेकर प्रखंड से लेकर जिला और राजधानी तक का लोगों को चक्कर लगाना पड़ता था, परंतु सरकार ने यह निर्णय लिया है कि अब समस्याओं का निष्पादन स्थानीय स्तर पर ही किया जाए और इसके लिए समय सीमा निर्धारित की गई है। समय सीमा के अंदर अगर समाधान नहीं होता है तो इसके लिए जरूरी दंड की भी व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने कहा कि समस्याओं का हल हर हाल में कानून के अंतर्गत किया जाएगा। सरकार विकास और तरक्की का कार्य निरंतर कर रही है और इसमें जन सहयोग की भी अपेक्षा है।

उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि आज राज्य के सबसे गरीब व्यक्ति के घर में भी बिजली पहुंची है और बल्व जल रहा है। मनरेगा मजदूर के यहां भी बिजली का बल्ब जल रहा है। यह एक बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने 125 यूनिट विजली फ्री की जिसका उद्देश्य था कि गरीब का घर आंगन भी रोशन हो।

जल-जीवन-हरियाली योजना का भी जिक्र किया और कहा कि बदलते जलवायु परिवर्तन में वृक्षारोपण बहुत ही जरूरी है। कहा कि क्यों नहीं हम सभी लोग अपने बच्चों के जन्मदिन पर पौधा लगाएं। उन्होंने माता-पिता के पुण्यतिथि पर भी पौधा लगाने का आह्वान किया। बिहार सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु गांव-गांव तक प्रशासनिक पहुंच सुनिश्चित कर रही है। सहयोग शिविर केवल समस्याओं के समाधान और योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी मंच है।

सरकार की मंशा है कि किसी भी व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। सरकार अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page