17 लाख 75 हजार रूपये गबन के आरोप में काॅ-ऑपरेटिव बैंक के ब्रांच मैनेजर गिरफ्तार
पूर्वी चंपारण।जिले के पकड़ीदयाल स्थित को-ऑपरेटिव बैंक शाखा में 17 लाख 75 हजार रुपये से अधिक के गबन मामले में पुलिस ने शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार प्रबंधक मुजफ्फरपुर जिले के सिरसिया मिर्जापुर बुजुर्ग निवासी अजय कुमार राउत बताये गये है।पुलिस ने शनिवार को ढाका थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपित शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और बाद में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार 10 अप्रैल को मोतिहारी सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक आकिब जावेद और स्थापना प्रभारी कमलेश कुमार किसलय ने पकड़ीदयाल शाखा का औचक निरीक्षण किया था। उस समय शाखा प्रभारी अजय कुमार राउत और शाखा सहायक अभय आनंद मौजूद थे।
जांच के दौरान बैंक में उपलब्ध नकदी का मिलान सीबीएस (कोर बैंकिंग सॉल्यूशन) में दर्ज राशि से किया गया। अभिलेखों के अनुसार शाखा में 18 लाख 13 हजार 363 रुपये 86 पैसे नकद होने चाहिए थे, लेकिन कैश वॉल्ट की जांच में केवल 38 हजार 180 रुपये ही मिले। जांच टीम ने 17 लाख 75 हजार 183 रुपये 86 पैसे की कमी दर्ज की।
प्रथम दृष्टया मामला गबन का प्रतीत होने पर इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। मामले में स्थापना प्रभारी कमलेश कुमार किसलय के आवेदन पर पकड़ीदयाल थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एफआईआर के बाद से आरोपित शाखा प्रबंधक फरार चल रहा था।थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर ढाका थाना क्षेत्र से आरोपित को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

