पर्यावरण संरक्षण में नागरिक पहल जरूरी : डॉ. स्नेहा

पर्यावरण संरक्षण में नागरिक पहल जरूरी : डॉ. स्नेहा
Facebook WhatsApp

-सर्वोदय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सजी ‘पर्यावरण की पाठशाला, छात्रों ने किया पौधारोपण

मेहसी। सर्वोदय उच्च माध्यमिक विद्यालय, जहिंगरा पीपरा में ‘पर्यावरण की पाठशाला’ का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के महत्व पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण बचाने का संकल्प भी लिया।

पाठशाला को संबोधित करते हुए डॉ. अमित रंजन ने कहा कि पेड़ों से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, इसलिए युवाओं को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति पृथ्वी पर मौजूद लाखों जीव-जंतुओं की जरूरतें पूरी करने में सक्षम है, लेकिन किसी के लालच को पूरा नहीं कर सकती। इसलिए प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग आवश्यकताओं तक सीमित रखना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी इन्हें सुरक्षित रखा जा सके।

वहीं डॉ. कमलेश कुमार ने कहा कि हमारे पूर्वज पेड़ों को पूजनीय मानते थे, लेकिन आज पौधों और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता लगातार कम होती जा रही है, जो चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि वनों की कटाई और पेड़ों की संख्या घटने से भूमि का तापमान बढ़ रहा है और पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. स्नेहा एस. चौरसिया ने कहा कि लगातार गिरता भूजल स्तर और सूखती नदियां जीव-जंतुओं के जीवन चक्र को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका समाधान पुराने वृक्षों की सुरक्षा और अधिक से अधिक पौधारोपण में है।

इसके लिए नागरिकों को आगे बढ़कर पहल करनी होगी। कार्यक्रम का संचालन सामाजिक कार्यकर्ता एवं पर्यावरणविद् विनय कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की पाठशाला प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन की दिशा में एक छोटा प्रयास है, जिससे युवा पीढ़ी पर्यावरण के महत्व को समझेगी और उसकी रक्षा में अपनी भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर अतिथियों ने छात्र-छात्राओं को पौधे वितरित किए और शिक्षकों के सहयोग से विद्यालय परिसर में पौधारोपण कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाध्यापक जितेन्द्र कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में शिक्षक शकील अहमद अंसारी, मीरा कुमारी, राजकिशोर, चंदन चौधरी और कुंदन कुमार सहित अन्य लोगों ने सहभागिता निभाई।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page