नेपाल सीमा से घुसपैठ करते दो युवक गिरफ्तार -लाखों की नेपाली व भारतीय करेंसी बरामद
सिकरहना। जितना थाना क्षेत्र के सीमावर्ती गांव अगरवा के समीप जियालाल चेक पोस्ट पर गुरुवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर की गई संयुक्त कार्रवाई में एसएसबी और जितना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया। दोनों युवक नेपाल के रास्ते भारत सीमा में प्रवेश कर रहे थे। जांच के दौरान दोनों के बैग की तलाशी ली गई, जिसमें पहले युवक के पास से 9,63,650 रुपये नेपाली करेंसी एवं 71,410 रुपये भारतीय करेंसी बरामद की गई। उसकी पहचान शिकारगंज थाना क्षेत्र के नरेश कुमार पिता गजेंद्र गुप्ता के रूप में हुई है।
वहीं दूसरे युवक के पास से 1,10,000 रुपये नेपाली करेंसी बरामद की गई। उसकी पहचान नेपाल के कलैया थाना क्षेत्र के गालोंपटी निवासी जयलाल राम पिता रामदेव राम के रूप में की गई है। इस संबंध में जितना थाना अध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

