नालों के पानी को साफ रखने के लिए 4 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य जारी
मोतिहारी। मोतीझील एवं अन्य नदियों की सफाई और पुनरुद्धार के लिए एसटीपी की योजना पर कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। इस योजना के अंतर्गत चार स्थानों पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना की जा रही है, जिससे झील/नदियों में गिरने वाले अनुपचारित सीवेज और गंदे नालों के पानी को पूरी तरह रोका जा सकेगा।
प्रत्येक एसटीपी आधुनिक जैविक एवं रासायनिक शोधन प्रक्रिया पर आधारित होगा, जिसमें स्क्रीनिंग, सेडिमेंटेशन, एरेशन और बायोलॉजिकल ट्रीटमेंट के चरण शामिल हैं। इससे सीवेज जल पूरी तरह शोधित होकर ही झील तक पहुंचेगा।

इस परियोजना से झील का जल स्वच्छ एवं निर्मल होगा, जलीय जीव-जंतुओं और वनस्पतियों का पारिस्थितिकी तंत्र पुनर्जीवित होगा, झील को नवीन पहचान मिलेगी तथा पर्यटन का केंद्र बनेगी। चारों एसटीपी का निर्माण कार्य वर्तमान में तेज़ गति से जारी है और वर्ष 2027 के अंत तक इसे पूर्ण कर लिया जाएगा। जिला प्रशासन नागरिकों से अपील करता है कि वे झील/नदियों में किसी भी प्रकार का कूड़ा या अपशिष्ट न डालें और इस पर्यावरणीय पहल में अपना सहयोग सुनिश्चित करें।

