पटना में करोड़ो की नशीली दवाओं की खेप बरामद,सप्लायर समेत कई गिरफ्तार
पटना। बिहार में नशे के सौदागरों के खिलाफ पटना पुलिस ने बड़ी कारवाई करते हुए करोड़ों रुपये के नशीले पदार्थों की खेप बरामद की है।राजधानी पटना के चित्रगुप्तनगर और मुसल्लहपुर थाना क्षेत्र में हुई इस छापेमारी में पुलिस ने करीब सवा करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की नशीली दवाएं जब्त की हैं।इस कार्रवाई में पुलिस ने बड़े सप्लायर समेत गिरोह के मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया है।सिटी एसपी (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि बहादुरपुर आरओबी के पास से सबसे पहले अर्णव कुमार को हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर जब चित्रगुप्तनगर और मुसल्लहपुर हाट के पास स्थित गोदामों में छापेमारी की गई, तो वहां का नजारा देखकर पुलिस भी दंग रह गई। इन गुप्त ठिकानों से पुलिस ने कुल 67 हजार 50 नशीले इंजेक्शन और 5 हजार 760 बोतल प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किए हैं। ये दवाएं चोरी-छिपे शहर के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई की जानी थी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोदाम से 35 पीस एंटी स्नेक वेनम (सांप काटने पर दी जाने वाली दवा) भी बरामद की है। यह दवा सरकारी अस्पतालों में सप्लाई के लिए होती है, जिसे इन तस्करों ने अवैध तरीके से स्टॉक कर रखा था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जीवन रक्षक सरकारी दवाइयां इन अपराधियों के पास कैसे पहुँचीं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस पूरे काले कारोबार का जाल कंकड़बाग का मंटू कुमार फैला रहा था, जो पिछले सप्ताह ही पुलिस के हत्थे चढ़ा था। गिरफ्तार अभियुक्त छोटू कुमार ने बताया कि मंटू कुमार ही अलग-अलग इलाकों में नशीली दवाओं का अवैध भंडारण करता था। पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से एक कार, दो बाइक, एक स्कूटी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

