पिकअप की ठोकर से बाइक सवार गंभीर रूप से घायल
पीपराकोठी। स्थानीय चिउड़ा मिल के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार की दोपहर एक तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान पीपरा थाना क्षेत्र के मधुडीह निवासी लक्षण महतो के रूप में की गई है।
बताया जाता है कि लक्षण अपने एक रिश्तेदार के साथ घर से मोतिहारी जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से गलत लेन में आ रही एक अज्ञात पिकअप के लापरवाह चालक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। वहीं, आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसआई शशिभूषण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए जीवधारा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार पिकअप चालक की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

