वृंदावन में लुधियाना के श्रद्धालुओं की नाव यमुना नदी में पलटी, 10 की मौत व 12 सुरक्षित निकाले गए, बचाव कार्य जारी

वृंदावन में लुधियाना के श्रद्धालुओं की नाव यमुना नदी में पलटी, 10 की मौत व 12 सुरक्षित निकाले गए, बचाव कार्य जारी
Facebook WhatsApp

मथुरा। लुधियाना पंजाब से वृंदावन आए 32 श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। इस हादसे में दस श्रद्धालुओं की मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से 12 लोगों को बचा लिया गया है।इनमें से एक श्रद्धालु को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। अन्य लाेगाें की खाेज में बचाव कार्य में सेना के जवान और गोताखोर जुटे हैं। नदी से निकाले गए 10 शवाें की शिनाख्त हाे गई है। इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। माैके पर बचाव कार्य जारी है।

बताया गया कि 150 लोगों का दल लुधियाना, पंजाब और मुक्तेश्वर से वृंदावन आया था। शुक्रवार लगभग तीन बजे 32 लोग नाव में बैठकर यमुना नदी में सैर कर रहे थे। तभी केसी घाट पर इन्हीं श्रद्धालुओं की एक नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया। पुलिस और गोताखोरों ने नदी में डूबे लोगों को बचाने के लिए बचाव अभियान शुरू किया। नाव पलटने की सूचना पर दुर्घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई है, जिससे बचाव कार्य में थोड़ी बाधा आई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे की खबर पर केबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, विधायक राजेश चौधरी सहित मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, डीआईजी शैलेन्द्र कुमार, डीएम सीपी सिंह, एसएसपी श्लोक कुमार ने मौके पर जायजा लिया और गंभीर लोगों को अस्पताल पहुंचाया एवं अधीनस्थों से पूरी जानकारी हासिल की।

मथुरा डीआईजी शैलेश कुमार पांडे ने वृंदावन नाव हादसे में 10 लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पंटून पुल से टकराने के कारण नाव के पलटने की सूचना है। इस मामले में नाव में सवार लोगों की सही संख्या की जानकारी ली जा रही है। रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत कार्य जारी है। 10 लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। सेना के स्ट्राइक वन फोर्स के गोताखोर व एसडीआरएफ की टीम बचाव कार्य में जुटी है। अस्पतालों को भी अलर्ट कर दिया गया है। सभी घायलों का मुफ्त में इलाज चल रहा है। एसडीएम ऋतु सिरोही ने हादसे की वजह नाव पर ओवरलोड बताते हुए कहा कि नाव पर जरूरत से ज्यादा लोग सवार थे। अब तक 10 लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं।

मृतकाें की हुई शिनाख्त

नाव पलटने से नदी में डूब कर मरने वालाें की पहचान हाे गई है। पुलिस के अनुसार पिंकी पत्नी चन्दर सिंह निवासी जागरऊ लुधियाना, आशा रानी पत्नी अर्जुन मीणा निवासी हिसार, कविता पत्नी विकास कुमार निवासी जागरऊ लुधियाना, मीनू निवासी फेस 2 डुंगरी लुधियाना, अंजू पत्नी रिंकेश गुलाटी, रिंकेश गुलाटी निवासी डुंगरी लुधियाना, चरणजीत निवासी लुधियाना, मधुर बहल पुत्र विजय निवासी गीता कॉलोनी लुधियाना, ईशान कटेरिया निवासी जागरऊ लुधियाना

के शव नदी से निकाले गए हैं, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।

केबिनेट मंत्री सहित विधायक, मंडलायुक्त, एडीजी पहुंचे घटनास्थल पर

वृन्दावन स्थित केसी घाट के निकट यमुना नदी में हुई दुर्घटना की खबर मिलते ही राज्य के गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, विधायक मांट राजेश चौधरी, अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप, पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जे जैन माैके पर पहुंच गए। पुलिस के साथ एसडीआरएफ, अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा, सेना के गोताखोर आदि राहत बचाव कार्य में लगे हैं।

जिलाधिकारी ने हैल्पलाइन नम्बर किया जारी

जिला प्रशासन ने वृन्दावन स्थित केसी घाट के निकट यमुना नदी में हुई दुर्घटना की जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0565-2403200 जारी किया है। संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिलाधिकारी के मोबाइल नंबर 9454417512, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व डॉ0 पंकज कुमार वर्मा के मोबाइल नंबर 9012881919/ 9454417583 तथा एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत के मोबाइल नंबर 9454401103 पर संपर्क किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री योगी ने जताया दुखहादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page