ग्रामीण विकास विभाग का ‘नई चेतना 5.0’ अभियान 25 नवंबर से होगा शुरू

ग्रामीण विकास विभाग का ‘नई चेतना 5.0’ अभियान 25 नवंबर से होगा शुरू
Facebook WhatsApp

नई दिल्ली। ग्रामीण विकास मंत्रालय महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर 25 नवंबर को राष्ट्रीय लैंगिक अभियान ‘नई चेतना-पहल बदलाव की’ का पांचवां संस्करण शुरू करेगा।

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) के तहत चलने वाला यह महीने भर का अभियान 23 दिसंबर 2026 तक देशभर में लागू किया जाएगा। अभियान के शुभारंभ पर 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी सलाह जारी की जाएगी। इसके साथ ही हिंसा मुक्त गांव पहल के लिए चार पक्षों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन भी जारी होगा।

केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि तथा किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान अभियान का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर दो बजे नई दिल्ली के पूसा स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में आयोजित होगा। इसमें भाग लेने वाले मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, राज्य सरकारों के प्रतिनिधि, विकास साझेदार और देशभर के सामुदायिक संस्थानों से जुड़ी महिला नेता शामिल होंगी।

‘नई चेतना 5.0’ की थीम ‘पहुंच से अधिकारिता तक : विकसित भारत के लिए आजीविका और समान अवसरों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण’ रखी गई है। अभियान में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और स्वतंत्र निर्णय लेने की क्षमता बढ़ाने के लिए चार प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा।

इनमें महिलाओं को आर्थिक योगदानकर्ता के रूप में मान्यता देना, संपत्तियों तक उनकी पहुंच और उन पर नियंत्रण मजबूत करना, सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा देना और अवैतनिक देखभाल कार्यों का समान बंटवारा शामिल है।अभियान के तहत उन बाधाओं को दूर करने पर जोर दिया जाएगा, जो महिलाओं की आजीविका के अवसरों, बाजारों, वित्तीय सेवाओं, सार्वजनिक स्थानों और आवश्यक सेवाओं तक पहुंच को सीमित करती हैं। इसके साथ ही महिलाओं के स्वतंत्र और सुरक्षित आवागमन को बढ़ावा दिया जाएगा। मंत्रालय का उद्देश्य केवल जागरूकता बढ़ाने तक सीमित न रहकर समन्वित कार्रवाई और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी, निर्णय लेने की क्षमता तथा अधिकारिता में मापने योग्य सुधार लाना है।

राष्ट्रीय शुभारंभ के दौरान जारी होने वाली 15 मंत्रालयों और विभागों की संयुक्त अंतर-मंत्रालयी सलाह में अभियान के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए साझा प्रतिबद्धता का खाका प्रस्तुत किया जाएगा। इसके तहत मंत्रालयों और विभागों को अपनी योजनाओं, कार्यक्रमों, संस्थागत व्यवस्थाओं और जमीनी स्तर के नेटवर्क को अभियान के लक्ष्यों के अनुरूप बनाने का ढांचा मिलेगा। राष्ट्रीय, राज्य, जिला और सामुदायिक स्तर पर समन्वित प्रयासों के जरिए महिलाओं की आजीविका, संपत्ति, वित्तीय सेवाओं, सुरक्षित आवागमन, आवश्यक सेवाओं और संस्थागत सहायता तक पहुंच बेहतर करने पर जोर रहेगा।

हिंसा मुक्त गांव पहल के लिए चार पक्षों के बीच हुए समझौता ज्ञापन पर ग्रामीण विकास मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, न्याय विभाग और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के हस्ताक्षर हैं। यह समझौता सामुदायिक स्तर पर लैंगिक हिंसा की रोकथाम और उससे निपटने के लिए संस्थागत समन्वय का ढांचा उपलब्ध कराएगा। इसके तहत सामुदायिक संस्थाओं, विधिक सेवा प्राधिकरणों और संबंधित सरकारी तंत्र के बीच तालमेल बढ़ाने के साथ महिलाओं को कानूनी अधिकारों, न्याय तक पहुंच और संस्थागत सहायता के बारे में जागरूक किया जाएगा।अभियान के क्रियान्वयन में डीएवाई-एनआरएलएम के स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी), ग्राम संगठनों, क्लस्टर स्तरीय महासंघों, जेंडर रिसोर्स सेंटर और अन्य सामुदायिक संस्थाओं की प्रमुख भूमिका होगी।

कार्यक्रम के दौरान नए जेंडर रिसोर्स सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। ये केंद्र समुदाय स्तर पर सेवाओं, सरकारी सुविधाओं, सहायता प्रणालियों और शिकायत निवारण तंत्र तक पहुंच उपलब्ध कराने के मंच के रूप में काम करेंगे। विभिन्न राज्यों की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिला नेता अपने अनुभव, नवाचार और सामूहिक कार्रवाई तथा नेतृत्व मजबूत करने के सुझाव साझा करेंगी।

कार्यक्रम में दो परिचर्चाएं भी होंगी। पहली परिचर्चा में जेंडर रिसोर्स सेंटर, वन स्टॉप सेंटर, विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य व्यवस्था के बीच समन्वय मजबूत करने पर चर्चा होगी। दूसरी परिचर्चा में जमीनी स्तर पर काम कर रही महिला नेता अपने अनुभव, नवाचार और आगे की कार्ययोजना पर विचार रखेंगी।

इस अवसर पर ‘नई चेतना 4.0’ की आकलन रिपोर्ट भी जारी की जाएगी। इसमें पिछले संस्करण के क्रियान्वयन और उससे मिली सीख का आकलन प्रस्तुत होगा, जिसका उपयोग आगामी अभियानों को मजबूत करने में किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यों के वीडियो और अच्छी कार्यप्रणालियों की प्रस्तुतियां भी दिखाई जाएंगी। अभियान के लिए तैयार किए गए वीडियो संसाधन भी जारी होंगे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page