श्रीराम जन्मभूमि स्थित सूर्य मन्दिर में हुआ ध्वजारोहण

श्रीराम जन्मभूमि स्थित सूर्य मन्दिर में हुआ ध्वजारोहण
Facebook WhatsApp

-भगवान श्रीराम के कुल देवता के मंदिर पर हुआ ध्वजारोहण

-सूर्य मंदिर के शिखर पर संतों के द्वारा ध्वजारोहण किया गया

अयोध्या। नवरात्रि की अष्टमी पर गुरुवार को श्रीराम जन्मभूमि मन्दिर परिसर में स्थित सूर्य मन्दिर के शिखर पर विधि-विधान पूर्वक ध्वजारोहण किया गया।मन्दिर के प्रवेश द्वार से बाएं परकोटा के नैऋत्य कोण पर स्थित सूर्य मन्दिर के उन्नीस फिट सात इंच ऊंचे ध्वज दंड पर 9 फिट तीन इंच लंबाई (लहर) वाले ध्वज की चौड़ाई ( लपेट) चार फिट सात इंच है। भगवा रंग की ध्वजा पर ‘ऊं’ अंकित किया गया है।

ध्वजारोहण समारोह में दशरथ महल महंत बिन्दुगद्याचार्य स्वामी देवेंद्र प्रसादाचार्य महाराज, रंग महल के महंत राम शरण दास महाराज, श्री राम वल्लभा कुंज अधिकारी संत राजकुमार दास, बावन जी मंदिर महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज ,अशर्फी भवन के जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्रीधराचार्य महाराज, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज, सीताकांत सदन के महंत रामानुजशरण ब्रह्मचारी महाराज, ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा, गोपाल नागरकट्टे, एसपी सुरक्षा श्रीराम जन्मभूमि बलरामाचारी दुबे, जगदीश आफ़ले, तीर्थ क्षेत्र भवन सह प्रभारी प्रद्युम्न सिंह सम्मिलित हुए।

उल्लेखनीय है कि 25 नवंबर, 2025 को देश के प्रधानमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण कर मंदिर की पूर्णता का संदेश दिया था और रक्षा मंत्री ने 31 दिसंबर, 2025 को प्रतिष्ठा द्वादशी के दिन पर परकोटा में स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण किया था । उसके बाद आज श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के परकोटे में स्थित भगवान सूर्य के मंदिर पर अयोध्या के प्रमुख साधु संतों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया गया । राम मंदिर ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने बताया कि राम मंदिर परिसर में कुल आठ शिखर है, जिसमें दो मंदिरों के शिखर पर ध्वजारोहण हो चुका है ।

यह भी उल्लेखनीय है कि शुक्रवार (27 मार्च) को श्रीराम नवमी अर्थात जन्मोत्सव के दिन भगवान श्रीराम जन्मभूमि पर विराजमान रामलला के विग्रह भगवान सूर्य का तिलक करेंगे।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page