तुरकौलिया रिटायर्ड शिक्षक की मौत मामले में परिजनों का यू-टर्न, पोस्टमार्टम से किया इंकार
– मृतक शिक्षक के पुत्र ने कहा, बीमारी से हुई है मौत
मोतिहारी/तुरकौलिया। रिटायर्ड शिक्षक की मौत के मामले में परिजनों ने यू-टर्न ले लिया है। मृतक शिक्षक रामअयोध्या प्रसाद के पुत्र राजा बाबू ने थाना में लिखित आवेदन देकर कहा है कि उनके पिता की मौत बीमारी के कारण हुई है। लिहाजा उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया है।
बताया जाता है कि रामअयोध्या प्रसाद जग सिंह कुशवाहा कन्या बालिका उच्च विद्यालय, तुरकौलिया से सेवानिवृत्त शिक्षक थे।
वे लंबे समय तक इसी विद्यालय में अध्यापन कार्य किये और यहीं से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने तुरकौलिया हाई स्कूल के सामने जमीन खरीदकर अपना मकान बनवाया था और परिवार के साथ वहीं रह रहे थे।
रविवार की देर शाम उनकी अचानक मौत हो गई थी। रात में परिजनों ने पड़ोसी पर झगड़ा-झंझट के कारण हत्या का आरोप लगाया था, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर डीएसपी के निर्देश पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
लेकिन सोमवार को मृतक के पुत्र राजा कुमार ने थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया कि उनके पिता की मौत बीमारी से हुई है और वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते। थानाध्यक्ष उमाशंकर माझी ने बताया कि परिजनों ने आवेदन देकर मौत का कारण बीमारी बताया है, इसलिए पुलिस शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। मृतक शिक्षक के घर पर घटना के बाद से लोगों की भीड़ जुटी हुई है और पूरे इलाके में मामले की चर्चा खूब हो रही है।

