टाइटन शो रूम में लगी आग,लाखों की संपत्ति जलकर खाक

टाइटन शो रूम में लगी आग,लाखों की संपत्ति जलकर खाक
Facebook WhatsApp

रक्सौल। शहर के मुख्य सड़क स्थित कोइरियाटोला में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टाइटन के एक शो रूम में अचानक आग लग गई। सुबह के समय शो रूम से धुआं निकलते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक डॉ. प्रो. शंभु शलभ को दी। सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी।


घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। शो रूम बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को अंदर पहुंचने में कठिनाई हुई। इसके बाद टीम ने शटर और शीशे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि आग से शो रूम में रखे सामान को काफी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय लोगों के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर अग्निशमन की टीम मौके पर नहीं पहुंचती और शीशा तोड़कर अंदर घुसकर आग पर काबू नहीं पाती, तो आग और भी भयानक रूप ले सकती थी और आसपास की दुकानों व मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। घटना की सूचना शो रूम के मालिक को दे दी गई है। वहीं घटना के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।

anand prakash

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page