रक्सौल में मारवाड़ी समाज ने किया गणगौर का सिंजारा का आयोजन
भक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ गृहपयोगी सामानों की लगी स्टॉल
पूर्वी चंपारण। जिले के रक्सौल शहर के बैंक रोड स्थित श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर परिसर में श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर ट्रस्ट एवं अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, शाखा रक्सौल के संयुक्त तत्वावधान में गणगौर का सिंजारा समारोह हर्षोल्लास एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सम्मेलन की प्रांतीय बाल विकास प्रमुख वीणा गोयल, अध्यक्षा सोनू काबरा ने संयुक्त रूप से बताया कि गणगौर राजस्थान का आस्था और भक्ति से ओतप्रोत एक प्रमुख लोकपर्व है, जिसे चैत्र मास में पूरे विधि-विधान के साथ मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि गणगौर शब्द दो शब्दों से मिलकर बना है— गण अर्थात भगवान शिव और गौर अर्थात माता पार्वती।
उन्होंने बताया कि इस पूजा में 16 अंकों का विशेष महत्व है, क्योंकि यह पर्व लगातार 16 दिनों तक मनाया जाता है। इस दौरान महिलाएं मंगल गीत गाते हुए काजल, रोली, मेंहदी और बिंदी के साथ सोलह श्रृंगार में सुसज्जित होकर पूजा-अर्चना करती हैं। गणगौर पूजा में अर्पित किए जाने वाले फल और सुहाग के सामानों की संख्या भी सोलह ही होती है। सुहागन महिलाएं ईशरजी (भगवान शिव) और गौरा माता (पार्वती) की पार्थिव मूर्तियां स्थापित कर उनकी पूजा कर अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। चैत्र शुक्ल पक्ष की तृतीया को मुख्य पूजा के बाद संध्या समय मूर्तियों का विसर्जन सरोवर या नदी में किया जाता है। इस अवसर पर विभिन्न गृहपयोगी सामानों के स्टॉल लगाए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। साथ ही समाज के बच्चों द्वारा प्रस्तुत भक्तिपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
कार्यक्रम में अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, रक्सौल शाखा की अध्यक्षा सोनू काबरा, प्रांतीय बाल विकास प्रमुख वीणा गोयल, आभा केशान,संगीता अग्रवाल, संगीता रुंगटा, अनुराधा शर्मा, बबीता रुंगटा, बबली अग्रवाल, मधु अग्रवाल, मीना भरतिया, खुशबू भरतिया, शिल्पा भारतीय, सुमन अग्रवाल, सुशीला अग्रवाल, रचना रुंगटा, सुनीत शाह, शिप्रा अग्रवाल, ज्योति शर्मा, सरिता शर्मा, सारिका अग्रवाल एवं नीलम खेतान समेत सम्मेलन की कई सदस्याएं उपस्थित रहीं। वहीं श्रीसत्यनारायण मारवाड़ी पंचायती मंदिर ट्रस्ट के सचिव कैलाश चंद काबरा, पुरुषोत्तम अग्रवाल, राजकुमार अग्रवाल, गणेश अग्रवाल एवं सीताराम गोयल की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

