मोतिहारी नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का महापौर ने किया शुभारंभ
मोतिहारी। शहर में बेहतर रोशनी और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा पुराने वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। इसका शुभारंभ धर्म समाज रोड स्थित मीना बाजार से किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व नगर निगम की महापौर प्रीति कुमारी ने किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि शहर के नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट की कमी के कारण लोगों को रात के समय आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पुराने वार्डों में चरणबद्ध तरीके से नई स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू किया है, जिससे सड़कों पर पर्याप्त रोशनी रहे और नागरिकों को सुविधा मिल सके।
आने वाले दिनों में शहर के अन्य वार्डों में भी स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन कार्य को तेजी से पूरा कराया जाएगा। मौके पर उप महापौर लालबाबू प्रसाद, निगम पार्षद प्रतिनिधि मो. कलाम सहित नगर निगम के कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद थे।

