प्रधानमंत्री मोदी ने असम में 23,550 करोड़ के एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट समेत तीन परियोजनाओं की रखी आधारशिला
सिलचर (कछार)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने असम के दो दिवसीय दौरे के अंतिम दिन शनिवार को कछार जिला मुख्यालय शहर सिलचर में लगभग 23 हजार 550 करोड़ की तीन विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। यह आगामी विधानसभा चुनावो से पूर्व असम को केन्द्र सरकार द्धारा बड़ी सौगात है। मिली जानकारी के अनुसार, गुवाहाटी में रात बिताने के बाद, मोदी सुबह सिलचर के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने 22 हजार 864 करोड़ के शिलांग-सिलचर कॉरिडोर प्रोजेक्ट का भूमि पूजन किया।
यह 166 किलोमीटर लंबा चार-लेन वाला कॉरिडोर, जो पूर्वोत्तर का पहला एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफ़ील्ड हाई-स्पीड एक्सप्रेसवे है, मेघालय के शिलांग और असम के सिलचर के पांचग्राम के बीच कनेक्टिविटी को काफ़ी बेहतर बनाने का लक्ष्य रखता है।
एक बार पूरा हो जाने पर, इस प्रोजेक्ट से गुवाहाटी और सिलचर के बीच यात्रा का समय लगभग 8.5 घंटे से घटकर लगभग पांच घंटे होने की उम्मीद है, जिससे इस क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों और सीमा-पार व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने सिलचर में एनएच-306 पर एक एलिवेटेड कॉरिडोर का भूमि पूजन भी किया, जो सिलचर के कैपिटल पॉइंट के पास ट्रंक रोड से रंगिरखारी पॉइंट (चरण I) तक जाएगा। 564.50 करोड़ की लागत से 3.5 किमी लंबा फ्लाई ओवर ब्रिज का निर्माण होगा। साथ ही 6.9 किमी सर्विस रोड भी इस परियोजना का एक हिस्सा है।
इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहर की सबसे व्यस्त सड़कों में से एक पर ट्रैफिक जाम को कम करना और मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों के साथ कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है।
अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने करीमगंज जिले के पाथरकांदी में एक कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखी। 88 हेक्टेयर भूमि पर,122 करोड़ की लागत से पहले चरण का निर्माण कार्य संपन्न किया जाएगा।
ज्ञात हो कि, प्रधानमंत्री 13 मार्च को गुवाहाटी पहुंचे थे और अपनी यात्रा के पहले दिन उन्होंने लगभग ₹24,250 करोड़ की परियोजनाओं को हरी झंडी दिखाई थी। सिलचर के अंबिकापुर में आयोजित एक विशाल जनसभा स्थल से प्रधानमंत्री ने आभासी माध्यम से परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

