भोपाल में आईएसबीटी में वर्मा ट्रेवल्स की आठ बसों में लगी आग, जलकर हुई खाक

भोपाल में आईएसबीटी में वर्मा ट्रेवल्स की आठ बसों में लगी आग, जलकर हुई खाक
Facebook WhatsApp

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) में रविवार देर शाम वर्मा ट्रेवल्स की बसों में भीषण आग लग गई। एक बस में लगी आग आसपास खड़ी दूसरी बसों तक फैल गई।इस घटना में आठ बसें जलकर खाक हो गईं। इनमें नागपुर-अहमदाबाद और सूरत रूट की बसें शामिल हैं।

सूचना मिलते ही दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग की चपेट में आई बसें खाली खड़ी थीं और उनमें यात्री मौजूद नहीं थे। हालांकि, आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद दक्षिण भारत जाने वाली बसों सहित प्रभावित रूटों की कई ट्रिप निरस्त कर दी गईं।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम आईएसबीटी परिसर में खड़ी एक बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास खड़ी दूसरी बसें भी इसकी चपेट में आ गईं। देखते ही देखते आठ बसों में आग लग गई। इनमें वर्मा ट्रेवल्स की बसें शामिल थीं, जो नागपुर, अहमदाबाद, सूरत सहित विभिन्न मार्गों पर संचालित होती थीं। बालाघाट, सिवनी और इंदौर रूट पर जाने वाली बसें भी आग से प्रभावित हुईं।

आग की तीव्रता के कारण कई बसें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।फायर ऑफिसर सौरभ पटेल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही राजधानी के अलग-अलग इलाकों से दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद उस पर काबू पाया। पुलिस और प्रशासन ने ऐहतियात के तौर पर घटनास्थल के आसपास का क्षेत्र खाली कराया और सुरक्षा घेरा बना दिया, ताकि राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए।

जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर बसों में आग लगी, उसके आसपास ऑयल टैंकर भी खड़े थे। ऐसे में आग फैलने की आशंका ने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया। हालांकि, आग से किसी टैंकर के प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। आग की घटना के बाद वर्मा ट्रेवल्स ने प्रभावित मार्गों पर बसों के संचालन में बदलाव करते हुए कई ट्रिप निरस्त कर दिए। इनमें दक्षिण भारत जाने वाली बसें भी शामिल हैं। आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और संबंधित अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।

4 से 5 करोड़ का नुकसान

वर्मा ट्रेवल्स के मालिक दीपक वर्मा ने बताया कि हादसे में करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आग शुरुआत में 2 से 3 बसों में लगी थी, जो फैलकर दूसरी बसों तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलने ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

दीपक वर्मा ने कहा कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। आग कैसी लगी ये पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि आग की चपेट में आई सभी आठ बसें गुजरात, अहमदाबाद, सूरत समेत कई अन्य शहरों के लिए रवाना होने वाली थीं। हादसे के बाद इन बसों में जिन यात्रियों की बुकिंग थी, उनकी टिकटें कैंसिल कर दी गई हैं।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page