समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री पहुंचे मधेपुरा, राज्यसभा जाने के मुद्दे पर रहे चुप

समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री पहुंचे मधेपुरा, राज्यसभा जाने के मुद्दे पर रहे चुप
Facebook WhatsApp

मधेपुरा। समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को मधेपुरा पहुंचे। इस दौरान उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मधेपुरा एवं पूर्णिया के प्रभारी मंत्री लेसी सिंह, विधान पार्षद लालन सर्राफ, विधानसभा के उपसभापति नरेंद्र नारायण यादव तथा विधायक रमेश ऋषिदेव मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मधेपुरा के नए पुलिस लाइन परिसर पहुंचकर 56 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बने पुलिस लाइन भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने जिले में 216 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन तथा 86 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास किया।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 के बाद बिहार में लगातार विकास कार्य हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है और इसमें केंद्र सरकार का भी सहयोग मिल रहा है।

उन्होंने मधेपुरा जिले के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बताया कि मुरलीगंज चौक से योगीराज तक सड़क का चौड़ीकरण, मधेपुरा में डेयरी प्लांट की स्थापना, प्रेक्षा भवन का निर्माण, चौसा में पावर ग्रिड सब-स्टेशन, सिंहेश्वर धाम का विकास, चौसा एवं आलमनगर में सड़क चौड़ीकरण, तथा विभिन्न प्रखंडों में नए अंचल और प्रखंड कार्यालयों का निर्माण कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 3 लाख 95 हजार महिलाओं को 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि दी जा चुकी है और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए दो-दो लाख रुपये तक की सहायता देने की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा 162 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केंद्र खोले जाएंगे तथा दूध उत्पादन समितियों का गठन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि हर प्रखंड में डिग्री कॉलेज की स्थापना, मधेपुरा सदर अस्पताल को अति विशिष्ट अस्पताल में विकसित करने और जिले में खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का है। अगले पांच वर्षों में राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जाएगा और सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं, जहां उद्योग लगाने के लिए जमीन और अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः चालू करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कहा कि सरकारी चिकित्सकों द्वारा निजी प्रैक्टिस पर सख्ती से रोक लगाने की कार्रवाई की जा रही है, वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र में निजी अस्पतालों को निवेश के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

इससे पहले डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में सीता माता का भव्य मंदिर निर्माण कराया जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर का निर्माण कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और आगे भी विकास की गति जारी रहेगी।

जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी ने मुख्यमंत्री के राज्यसभा जाने के सवाल पर कहा कि यह उनका निजी फैसला है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार करीब 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार के हित में काम करते रहे हैं और आगे भी राज्य के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे। हालांकि मंच से इस विषय पर चर्चा के दौरान कुछ लोगों ने नाराजगी भी जताई।

सभा में मुख्यमंत्री को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम स्थल पर बना पंडाल खचाखच भरा रहा। पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

anand prakash

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

चोरी करने से बेहतर है खुद की कंटेंट बनाओ! You cannot copy content of this page