फुआ को बचाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत
भागलपुर। जिले के घोघा थाना क्षेत्र के गोल सड़क गंगा घाट पर बुधवार को गंगा स्नान के दौरान एक महिला को बचाने के प्रयास में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गंगा स्नान के दौरान एक महिला अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। महिला को बचाने के लिए तीन युवक तुरंत गंगा में कूद पड़े।
बताया जाता है कि नया टोला ओलपुरा निवासी नंदलाल साह के 26 वर्षीय पुत्र कृष्ण कुमार, शालिग्राम साह के 24 वर्षीय पुत्र सनी कुमार और 26 वर्षीय बॉबी कुमार अपनी फुआ रुकमनी देवी को बचाने के लिए गंगा में उतरे थे। लेकिन गंगा की तेज धारा के कारण तीनों युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई।
हालांकि स्थानीय लोगों की मदद से रुक्मणी देवी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। जिनका इलाज एक निजी क्लीनिक में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों युवकों के शव गंगा नदी से बाहर निकाले गए।
पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

