बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
रक्सौल।बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन को लेकर रक्सौल में जागरूकता अभियान को गति दी गई है। सोमवार को बाल विवाह मुक्ति रथ को एसडीएम मनीष कुमार और डीएसपी मनीष आनंद ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी और समाज से इसे जड़ से खत्म करने की अपील की। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन एलायंस के सहयोगी पार्टनर प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर द्वारा रक्सौल क्षेत्र में चिन्हित 50 गांवों में लगातार बाल विवाह मुक्ति रथ यात्रा संचालित की जा रही है। यह रथ गांव-गांव पहुंचकर महिला, पुरुष, बच्चों और बच्चियों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रहा है।
अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बच्चों के भविष्य के लिए भी घातक है। यह जागरूकता रथ पूरे भारत में चल रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान का हिस्सा है। इसी क्रम में रथ अब अपने अंतिम चरण में रक्सौल, रामगढ़वा, आदापुर और छौड़ादानो प्रखंडों के चिन्हित क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। प्रयास जुवेनाइल एड सेंटर की ओर से यह विशेष अभियान 8 मार्च तक चलाया जाएगा। ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सके

